झारखंडी हक के लिए लड़ेगा संगठन, झारखंड बचाने की लड़ाई जारी रखूंगा : संजय मेहता

झारखंड बचाओ क्रांति सेना समिति संगठन की घोषणा, वेबसाइट लांच, निः शुल्क बन सकते हैं सदस्य झारखंड के विषयों पर आंदोलन कर रहे एवं हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र से 2024 लोकसभा चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी रहे संजय मेहता ने झारखंड बचाओ क्रांति सेना समिति संगठन की घोषणा की है। संगठन की घोषणा उन्होंने रांची स्थ

Sep 16, 2024 - 13:41
Updated: 2 years ago
0 0
WhatsApp-Image-2024-09-16-at-5.36.44-PM.jpeg

झारखंड के विषयों पर आंदोलन कर रहे एवं हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र से 2024 लोकसभा चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी रहे संजय मेहता ने झारखंड बचाओ क्रांति सेना समिति संगठन की घोषणा की है। संगठन की घोषणा उन्होंने रांची स्थित राजकीय अतिथिशाला में मीडिया के समक्ष की। उन्होंने कहा की आम झारखंडी जनमानस के दर्द के आवाज के तौर पर यह संगठन कार्य करेगा। यह संगठन सिर्फ सड़क पर नहीं बल्कि नीतियों के निर्माण का भी ड्राफ्ट तैयार करेगा।संगठन झारखंडी जन समस्याओं के समाधान का रास्ता तलाशेगा।

संगठन की घोषणा करते हुए उन्होंने कहा की झारखंड में नीतियों के स्तर पर बड़े विजन के साथ काम करने की जरूरत है। इसके लिए उन्होंने विशेषज्ञों, अनुभवी लोगों की टीम तैयार की है। इस टीम में बड़े संस्थानों से पढ़े-लिखे युवा हैं जो झारखंड की नीतियों पर ड्राफ्ट तैयार करेंगे। एक रोड मैप तैयार करके इन विषयों पर कार्य किया जाएगा। इसके लिए देश - विदेश के विशेषज्ञों की भी सहायता ली जाएगी। झारखंड में रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य जैसे विषयों को लेकर संगठन प्रमुखता से कार्य करेगा। निजी क्षेत्र की कंपनियों में झारखंड के लोगों को प्राथमिकता मिले इसकी लड़ाई भी यह संगठन लड़ेगा।

संजय मेहता ने वैसे लोगों से संगठन से जुड़ने का आह्वान किया जो लगातार झारखंड में बदलाव को लेकर प्रयत्नशील हैं, झारखंड की नीतियों को लेकर चिंतित हैं। साथ ही झारखंडी समस्याओं पर लगातार लड़ाई लड़ने वाले साथियों को भी संगठन से जुड़ने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा वैसे नौजवान जो झारखंड की माटी को अपनी ओर से कुछ देना चाहते हैं, उन लोगों के लिए यह एक बेहतर मंच होगा। सभी को समान रूप से इस मंच के माध्यम से कार्य करने का अवसर दिया जाएगा। यह सभी समुदाय एवं वर्गों का मंच होगा।

संजय ने आगे कहा कि, हम इस मंच के माध्यम से आम झारखंडी जनमानस को एकजुट करेंगे। उन्हें जागरूक करेंगे। यह संगठन सबके प्रतिनिधित्व का संगठन होगा। यह संगठन सामाजिक न्याय के पहलुओं पर कार्य करेगा। साथ ही बड़े स्तर पर ऑनलाइन अभियान चलाकर अगले दो सप्ताह में संगठन से एक लाख लोगों को जोड़ेंगे। इस संगठन की 20 से अधिक इकाइयां होंगी। संगठन में महिलाओं को विशेषतौर पर प्रतिनिधित्व का अवसर दिया जाएगा।

संजय ने बताया कि संगठन झारखंड के विकास के मुद्दों जैसे रोजगार, पलायन, नियुक्ति, विस्थापन, ओबीसी आरक्षण, स्थानीयता, नियोजन, पुनर्वास, जातीय जनगणना, परीक्षा, परिणाम जैसे विषयों को जनता के बीच लेकर जाएगी। संगठन से जुड़ने के लिए जेबीकेएसएस झारखंड नाम से एक वेब साइट भी लांच किया गया है। वेबसाइट पर पंजीकरण कर कोई भी व्यक्ति संगठन का निःशुल्क सदस्य बन सकता है। हम इस मंच के माध्यम से 2024 विधानसभा चुनाव में झारखंड में प्रत्याशी देंगे। प्रत्याशियों के नामों की घोषणा अगले कुछ दिनों में की जाएगी। हम राज्य में एक नया राजनीतिक विकल्प देंगे।

संजय मेहता ने कहा की झारखंड को बचाने की क्रांति के लिए हमने एक नई सेना तैयार की है जो प्रतिबद्धता के साथ झारखंड को हर मुद्दे पर समाधान का रास्ता दिखाएगी। विशेष तौर पर हम झारखंडी चिंतकों और बुद्धिजीवियों की एक टीम को तैयार कर चुके हैं। जो झारखंड को विकास के पथ पर आगे ले जाने में अपनी भूमिका अदा करेंगे। बड़ी संख्या में लोग संगठन से जुड़ने को तैयार हैं। हम जमीनी स्तर पर नेतृत्वकर्ता तैयार करेंगे। हम दो दशकों से पीड़ित इस झारखंड को एक बेहतर राह दिखाना चाहते हैं। झारखंड को समृद्ध बनाने की परिकल्पना को साकार करना चाहते हैं।

संजय मेहता ने कहा की झारखंड बचाने की क्रांति लंबे समय से हमलोग कर रहे हैं। इसके लिए एक प्रशिक्षित सेना तैयार करने की जरूरत है। इन्हीं उद्देश्यों को ध्यान में रखते हुए झारखंड बचाओ क्रांति सेना समिति संगठन की बुनियाद रखी गई है। इसमें झारखंड के पांच प्रमंडल 24 जिलों से लोगों के जुड़ने की सूची आ चुकी है। हम सब मिलकर शहीदों के सपनों का झारखंड बनाएंगे।

यह संगठन हर एक झारखंडी का संगठन होगा। यह एक बड़ा सामुहिक परिवार होगा। कोई भी व्यक्ति इस संगठन से निःशुल्क जुड़ सकता है। संगठन अपने घोषणा के दिन उत्पाद सिपाही भर्ती में दिवंगत हुए अभ्यर्थियों के आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता है। साथ ही सभी पीड़ित परिवारों को 50 लाख रुपया मुआवजा देने की मांग करता है।

संगठन को आगे बढ़ाने में प्रियंका सोरेन, दीपशिखा कुमारी, अभिषेक गुप्ता, अनुराग पांडेय, तस्मिया इस्लाम, रोहित महतो, भुनेश्वर यादव आदि समेत सैकड़ों लोगों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में संजय मेहता के साथ डॉ. रोहित कुमार महतो, डॉ. अनूप कुमार शाह, वरिष्ठ समाजसेवी भुनेश्वर यादव, संदीप कुमार पासवान, सिकंदर कुमार, विकास सिंह, कुणाल मेहता, आर्यकांत मेहता, सुरेंद्र कुमार, मंटू कुमार, सुनील कुमार, जय कुमार, अनुज कुमार, डॉ चंदन कुमार, डॉ अमित आदि मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User