रायबरेली में मुर्गा – मीट दुकानदारों में ग्राहक बुलाने की जरा सी बात पर एक पिता पुत्र पर बगल के दुकानदार ने जानलेवा हमला करके लहूलुहान कर दिया। गंभीर अवस्था में पिता पुत्र को जिला अस्पताल उपचार के लिये भर्ती किया गया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली है। मामला शिवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम माधौखेड़ा मजरे कस्बा शिवगढ़ का है। पुलिस को दी तहरीर में पीड़ित मो. आयूब पुत्र मो. यूसुफ निवासी ग्राम माधौखेड़ा कस्बा शिवगढ़ ने बताया कि उसकी मीट की दुकान के बगल में उसके परिवार के मो. सुलेमान पुत्र मो. यूसुफ की भी मीट की दुकान है। ग्राहक बुलाने को लेकर सुलेमान उनसे बहस करने लगा। अचानक से सुलेमान, चाँद और गुफरान से मुझे व मेरे लड़कों सलमान व रिहान को गाली देना शुरू कर दिया। हमने विरोध किया तो उक्त लोग हम सभी पर हमलावर हो गए और लाठी डंडो से मारने पीटने लगे और जान से मारने धमकी भी दे डाली। हमले में मुझे व मेरे बेटे को सिर पर गंभीर चोट आई है। पुलिस ने इस मामले में धारा 323, 504 व 506 के तहत सुलेमान, गुफरान व चांद निवासी माधोखेड़ा मजरे कस्बा शिवगढ़ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। शिवगढ़ थाना अध्यक्ष श्याम कुमार पाल ने बताया कि घायल मोहम्मद अयूब पुत्र युसूफ की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं तीनों घायलों का मेडिकल कराकर आगे की कार्यवाही की जा रही है। मोहम्मद अयूब ने बताया कि मारपीट करने वाले सुलेमान, गुफरान, चांद के खिलाफ मामले का शिकायती पत्र दिया गया है और पुलिस से कार्यवाही की मांग की गई है।











