रिपोर्ट : अविनाश कुमार
बीआरएल डीएवी में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की 155वीं व भूतपूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की 120वीं जयंती मनाई गई। प्राचार्य आरके सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने गांधी जी व शास्त्री जी की तस्वीर पर माल्यार्पण व श्रद्धा सुमन अर्पित कर, उन्हें नमन किया। विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षकों बीएन यादव, एके झा, एस के सेट्ठी ने इनकी जीवनी पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस अवसर पर विद्यालय के बच्चों के बीच हाफ मैराथन दौड़ का आयोजन भी किया गया। जिसमें विद्यालय के वरिष्ठ संवर्ग के बच्चों सहित शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने बढ़ चढ़ कर भाग लिया। यह दौड़ विद्यालय प्रांगण से प्रारंभ होकर विनोद बिहारी चौक, अनिल गिरी चौक बैंक मोड़ होते हुए विद्यालय में आकर एक सभा में तब्दील हो गई। इस अवसर पर नशा मुक्ति हेतु एक प्रतिज्ञा ली गई, जिसमें विद्यालय परिसर को नशामुक्त रखने का सभी ने संकल्प लिया। साथ ही विद्या के इस मंदिर की पवित्रता को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने की अपील विद्यालय प्राचार्य ने सभी से की। प्राचार्य आरके सिंह ने गांधी जी और शास्त्री जी के विचारों को आत्मसात करने पर बल देते हुए कहा कि वे एक महान संत, कर्म योगी, युग स्रष्टा एवं निस्वार्थ भाव से मानवता के प्रति समर्पित मसीहा थे।

जिन्हें विश्व नागरिकता की उपाधि से भी विभूषित किया जा चुका था। जिन्होंने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर ब्रिटिश हुकूमत को भारत छोड़ने पर मजबूर कर दिया और देश को आजादी दिलाई। आज हम सभी यह संकल्प लें कि इन्होंने जिस मार्ग पर चलकर इस महान कार्य को पूर्ण किया उस मार्ग पर चलकर ही हम सभी इन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित कर सकते हैं। कार्यक्रम का मंच संचालन विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक संजय निर्भय ने किया।
यह भी पढ़ें : रांची : 150 टन के वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का पीएम नरेंद्र मोदी ने किया उद्घाटन