इंदौर सेंट्रल जेल में अपराध की दुनिया को पीछे छोड़ समाज की मुख्यधारा से जुड़ने की इच्छा रखने वाले 20 कैदी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं और फर्राटेदार अंग्रेजी बोलने की कला भी सीख रहे हैं। इन प्रयासों का उद्देश्य यह है कि जब वे जेल से बाहर आएं, तो समाज के सामने खुद को एक सकारात्मक उदाहरण के रूप में प्रस्तुत कर सकें।
नवाचार से सुधार देखने को मिल रहे
इंदौर की सेंट्रल जेल में वर्तमान में 2000 से अधिक कैदी सजा काट रहे हैं, जिनमें 1455 पुरुष दंडित बंदी, 37 साधारण कैदी, 93 महिला बंदी, 699 विचाराधीन कैदी, 11 मृत्युदंड प्राप्त कैदी, और 16 राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत निरुद्ध कैदी शामिल हैं। जेल अधीक्षक अलका सोनकर का कहना है कि महिला और पुरुष कैदियों को जागरूक करने के लिए समय-समय पर नवाचार किए जाते हैं, जिनका सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है। इन्हीं प्रयासों के परिणामस्वरूप कैदी अब शिक्षा की ओर रुचि दिखा रहे हैं और उन्हें विभिन्न बुनियादी कार्यों का भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
आजीवन कारावास की सजा काट रहे परविंदर ने की पहल
जेल के अंदर बनी पाठशाला में हर दिन अंग्रेजी की कक्षाएं लगाई जाती हैं। इन्हीं कक्षाओं में आजीवन कारावास की सजा काट रहे कैदी परविंदर त्रिलोक सिंह अपने साथी कैदियों को न केवल अंग्रेजी लिखना सिखा रहे हैं, बल्कि उन्हें आत्मविश्वास के साथ फर्राटेदार अंग्रेजी बोलने का अभ्यास भी करवा रहे हैं। इस समय जेल की इस पाठशाला में 20 कैदी नियमित रूप से शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं, जिनमें से कई अब धाराप्रवाह अंग्रेजी बोलने लगे हैं। परविंदर त्रिलोक सिंह को वर्ष 2002 में भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467 और 471 के तहत धोखाधड़ी के मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी और वह 6 दिसंबर 2002 से जेल में सजा काट रहा है। अब उसका संकल्प है कि अधिक से अधिक कैदियों को अंग्रेजी भाषा का ज्ञान दिया जाए, ताकि वे जेल से बाहर जाकर समाज में अपनी एक नई और सकारात्मक पहचान बना सकें।
50 कैदी पहली कक्षा से पढ़ाई शुरू कर चुके
जेल प्रशासन द्वारा निरक्षर कैदियों को भी शिक्षा ग्रहण करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। वर्तमान में, जेल में 50 से अधिक कैदी पहली कक्षा से अपनी शिक्षा शुरू कर चुके हैं। इसके अलावा, हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी की परीक्षाओं की तैयारी करने वाले कैदी भी हैं, जिनमें से 10 कैदी इस वर्ष इन परीक्षाओं में शामिल होंगे। उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले कैदियों की संख्या 8 है, जो बीकॉम और एमए जैसी डिग्रियां हासिल कर रहे हैं।
होटल मैनेजमेंट का कोर्स भी चल रहा
पिछले तीन वर्षों से सेंट्रल जेल में होटल मैनेजमेंट का कोर्स भी संचालित किया जा रहा है, जिसमें अब तक 10 से अधिक कैदी प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं। इनमें से कई कैदी जेल से बाहर जाने के बाद अपना खुद का व्यवसाय शुरू करने की योजना बना रहे हैं, ताकि वे अपने परिवार का पालन-पोषण अच्छे तरीके से कर सकें। ऐसे ही एक कैदी, रुस्तम, जो वर्षों पहले हत्या के आरोप में जेल आया था, उसने न केवल उच्च शिक्षाग्रहण की बल्कि होटल मैनेजमेंट का कोर्स भी किया। उसने अपने साथियों को भी शिक्षा ग्रहण करने के लिए प्रेरित किया है। इसी तरह, जेल में बंद बिरजू अहिरवार ने भी अपने जीवन को बदलने के लिए शिक्षा का सहारा लिया और अब वह आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सेंट्रल जेल में किए जा रहे ये सुधारात्मक प्रयास कैदियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। यह पहल न केवल कैदियों के जीवन में बदलाव ला रही है, बल्कि यह समाज में उनके पुनर्वास की संभावनाओं को भी बढ़ा रही है।