Banda News : जनपद बांदा के थाना अतर्रा क्षेत्र के अंतर्गत पचोखर गांव में गुरुवार शाम एक भयावह घटना घटी, जब स्थानीय पत्रकार आत्माराम त्रिपाठी के निजी आवास में अचानक एक विशालकाय काला सर्प घुस आया। सर्प को देखते ही परिवार के सदस्यों में दहशत फैल गई और पूरे घर में अफरा-तफरी मच गई। परिवार ने तत्काल दरवाजे-खिड़कियां बंद कर अपनी सुरक्षा सुनिश्चित की।
सूचना मिलते ही पत्रकार त्रिपाठी ने अपर पुलिस अधीक्षक बांदा से संपर्क किया, जिनके निर्देश पर उन्होंने आपातकालीन नंबर 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पीआरवी 112 में तैनात कांस्टेबल बीर सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति की गंभीरता देखते हुए वन विभाग को सूचित किया।

विशेषज्ञों का मानना है कि घर में घुसा यह सर्प विषैला कोबरा या रसेल वाइपर प्रजाति का हो सकता है, जिससे परिवार को पूरी रात सतर्क रहना पड़ा। बाद में जनपद मुख्यालय से वन विभाग की टीम पहुंची, जिसका नेतृत्व संजय चौरिहा ने किया। टीम ने सर्प की तलाश शुरू की और लगभग 30 मिनट तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सर्प को सुरक्षित पकड़ लिया।
संजय चौरिहा ने बताया कि सर्प दीवार की दरार में छिपा हुआ था। उन्होंने लोगों को सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा, “यह सर्प अत्यंत विषैला है, किंतु तभी हमला करता है जब उसे खतरा महसूस होता है। यदि किसी को सर्प काट ले तो झाड़-फूंक में समय न गंवाएं, बल्कि तुरंत चिकित्सक के पास पहुंचें।”
सर्प पकड़े जाने के बाद त्रिपाठी परिवार ने राहत की सांस ली और अपर पुलिस अधीक्षक बांदा, वन विभाग की टीम तथा पीआरवी 112 के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। साथ ही, पत्रकार साथियों राजकुमार पाठक, भगत सिंह और इदरीस को भी धन्यवाद दिया, जिन्होंने सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित कराई।
यह घटना ग्रामीण क्षेत्रों में वन्यजीव और मानव के बीच बढ़ते संघर्ष की गंभीरता को एक बार फिर उजागर करती है।vv










