Raebareli News : वर्षों बाद 52 लाख रु की लागत से बन रही सड़क में भ्रष्टाचार का आरोप, नगर पालिका अध्यक्ष के सामने स्थानीय लोगों ने खोली गुणवत्ता की पोल

Raebareli News : रायबरेली नगर पालिका के अंतर्गत बनाई जा रही सड़कों में भ्रष्टाचार किए जाने के आरोप लगाते हुए लोगों ने विरोध किया है और गुणवत्ता विहीन सड़क बनाई जाने का आरोप लगाया है।

दरअसल शहर के राम कृपाल चौराहे से मधुबन तक नगर पालिका द्वारा करीब 52 लाख रुपये की लागत से बनाई जा रही एक महत्वपूर्ण सड़क के निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार और घटिया सामग्री के उपयोग के गंभीर आरोप लगे हैं।

10-12 साल बाद हो रहा निर्माण, रात के अंधेरे में चल रहा काम

स्थानीय लोगों के अनुसार, इस सड़क का नवीनीकरण लगभग 10-12 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद किया जा रहा है। इतने वर्षों की प्रतीक्षा के बावजूद निर्माण में लापरवाही बरती जा रही है। सबसे बड़ा आरोप यह है कि सड़क का काम मुख्य रूप से रात के समय अंधेरे में किया जा रहा है।

रमेश चंद पांडे ने नगर पालिका अध्यक्ष के सामने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा, रात के अंधेरे में रोड बनाने का काम हो रहा है। मिट्टी को सड़क से साफ तक नहीं किया जा रहा और उसी पर रोड बना दिया जा रहा है। यह सड़क कितने दिन टिकेगी? इसी मुद्दे को दिखाने के लिए मैं अध्यक्ष जी के पास लाया हूं। पांडे ने आगे आरोप लगाया कि ठेकेदार और संबंधित अधिकारी मिलकर गुणवत्ता से समझौता कर रहे हैं।
इसी तरह, माधव सिंह एडवोकेट ने सड़क की खराब स्थिति पर प्रकाश डालते हुए बताया,मधुबन रोड से राम कृपाल चौराहे तक की यह सड़क अत्यंत घटिया तरीके से बनाई जा रही है।

अधिशासी अधिकारी (ईओ) स्वर्ण सिंह ने स्पष्ट किया, “सड़क निर्माण में कोई अनियमितता या भ्रष्टाचार नहीं हुआ है। अभी केवल पहली लेयर की पीसी (प्राइम कोट) पूरी हुई है। इसके बाद दो और लेयर उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री से बनाई जाएंगी। पूरा कार्य मानकों के अनुरूप ही होगा।ईओ ने यह भी आश्वासन दिया कि निर्माण की निगरानी लगातार की जा रही है और रात में काम करने का कोई विशेष कारण नहीं है।बल्कि यह सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा है।

नगर पालिका अध्यक्ष सत्रोहन सोनकर ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों की बात सुनी। उन्होंने स्थानीय लोगों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कहा कि यदि कोई कमी पाई गई तो सुधार किया जाएगा। हालांकि, उन्होंने ठेकेदार और इंजीनियरों से स्पष्टीकरण मांगा है।

Other Latest News

Leave a Comment