Raebareli News : केरल में तैनात एक फौजी के साथ हुई लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला उस वक्त तूल पकड़ गया जब बैंक उनके नवनिर्मित मकान को कुर्क करने की कार्रवाई शुरू करने वाला था। परेशान फौजी ने सीधे लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की और अपनी व्यथा सुनाई। सीएम के तत्काल निर्देश पर मिल एरिया पुलिस ने ठेकेदार हरि प्रताप सिंह, उसके साथियों तथा बैंक ऑफ बड़ौदा की राणा नगर शाखा के वर्तमान व तत्कालीन ब्रांच मैनेजर के खिलाफ धोखाधड़ी व आपराधिक षड्यंत्र का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मामला रायबरेली के मिल एरिया थाना क्षेत्र के ओम नगर का है। यहां रहने वाले फौजी पूनम चंद्र यादव भारतीय सेना में केरल में तैनात हैं। करीब दो साल पहले उनकी पत्नी साधना यादव ने नया मकान बनवाने के लिए स्थानीय ठेकेदार हरि प्रताप सिंह को ठेका दिया था। ठेकेदार ने बैंक गारंटी के नाम पर साधना से अपने सीसी (कैश क्रेडिट) अकाउंट पर कुछ कागजातों पर हस्ताक्षर करा लिए।

इन हस्ताक्षरों का दुरुपयोग करते हुए हरि प्रताप ने बैंक ऑफ बड़ौदा की राणा नगर शाखा में यह दिखा दिया कि पूनम चंद्र का नवनिर्मित मकान उनके सीसी अकाउंट की गारंटी में गिरवी है। इसके बाद ठेकेदार ने अपने सीसी अकाउंट से करीब साढ़े 15 लाख रुपये निकाल लिए और वापस जमा नहीं किए। जब बैंक ने रिकवरी के लिए बार-बार नोटिस भेजे और अंत में मकान कुर्क करने की कार्यवाही शुरू की, तब जाकर फौजी दंपती को पूरी साजिश का पता चला।
पूनम चंद्र और साधना ने पहले बैंक और फिर स्थानीय पुलिस के चक्कर काटे, लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं हुई। आखिरकार सोमवार को फौजी पूनम चंद्र लखनऊ पहुंचे और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर पूरी घटना विस्तार से बताई। सीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।
आदेश मिलते ही मिल एरिया पुलिस ने ठेकेदार हरि प्रताप सिंह, उसके सहयोगियों तथा बैंक ऑफ बड़ौदा राणा नगर शाखा के मौजूदा और तत्कालीन ब्रांच मैनेजर के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और आगे की जांच में जुट गई है।
बयान – संजीव कुमार सिन्हा, एडिशनल एसपी, रायबरेली
फौजी की इस गुहार पर इतनी तेज कार्रवाई से इलाके में यह चर्चा है कि आम आदमी हो या फौजी, योगी सरकार में कोई भी पीड़ित अपनी बात सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंचा सकता है और उसे तुरंत इंसाफ मिल सकता है।










