रायबरेली में बुजुर्ग ने जमीन पर लगाया जबरन कब्जे का आरोप, डीएम-एसपी से लगाई न्याय की गुहार

सलोन तहसील के ख्वाजापुर गांव का मामला, एसपी कार्यालय पहुंचकर पीड़ित ने लगाई न्याय की गुहार

रायबरेली : जिले के सलोन तहसील व थाना क्षेत्र के ख्वाजापुर गांव में जमीन पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। गांव निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग मोहम्मद शीश खां ने आरोप लगाया है कि उनकी भूमि पर विपक्षियों द्वारा दबंगई के बल पर जबरन कब्जा कर निर्माण कार्य कराया जा रहा है।

पीड़ित मोहम्मद शीश खां ने मंगलवार, 31 मार्च 2026 को दोपहर करीब 2 बजे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और शिकायती पत्र देकर न्याय की मांग की। उन्होंने बताया कि उनकी भूमि गाटा संख्या 904 ‘क’ में दर्ज है, जबकि विपक्षियों की भूमि गाटा संख्या 904 ‘ख’ है। इसके बावजूद आरोपियों द्वारा उनकी जमीन पर जबरन निर्माण कराया जा रहा है। और लिंटर डाला जा रहा है पीड़ित ने रोकने की कोशिश की तो उसे गाली गलौज कर मारपीट कर मौके से भगा दिया गया।

पीड़ित ने बताया कि इस मामले को लेकर उन्होंने पहले संबंधित थाना सहित अन्य अधिकारियों से शिकायत की थी, लेकिन कहीं से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि दबंग पक्ष लगातार निर्माण कार्य को आगे बढ़ा रहा है, जिससे उनकी जमीन पर स्थायी कब्जे की कोशिश की जा रही है।

पीड़ित के अनुसार, वह रोजी-रोटी के सिलसिले में मुंबई में रह रहे थे। इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि उनकी जमीन पर कब्जा किया जा रहा है। सूचना मिलते ही वह तत्काल गांव पहुंचे और मामले की शिकायत अधिकारियों से की।

शिकायती पत्र में पीड़ित ने प्रशासन से मांग की है कि विवादित भूमि पर हो रहे निर्माण कार्य को तत्काल रोका जाए तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

वहीं, पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से पीड़ित को मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में कितनी तेजी से कार्रवाई करता है और पीड़ित को न्याय मिल पाता है या नहीं।

Other Latest News

Leave a Comment