रायबरेली : नगर पालिका क्षेत्र के नया पुरवा मोहल्ले में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है, आज दिनांक 3 अप्रैल 2026 दिन शुक्रवार को समय करीब 9:00 बजे एक वीडियो वायरल हो रहा है, जहां आंगनबाड़ी केंद्र के पास स्थित तालाब को पाटकर बाउंड्री वॉल का निर्माण किया जा रहा है। इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, बीते कई महीनों से इस तालाब की लगातार पटाई की जा रही थी। पहले धीरे-धीरे मिट्टी डालकर जलभराव क्षेत्र को खत्म किया गया और अब उसी जमीन पर पक्की बाउंड्री वॉल खड़ी की जा रही है। हैरानी की बात यह है कि यह सब कुछ खुलेआम हो रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी अब तक अनजान बने हुए हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि यह तालाब वर्षों पुराना था और आसपास के जल निकासी का प्रमुख स्रोत भी था। तालाब के पाटे जाने से इलाके में जलभराव की समस्या बढ़ने की आशंका है, साथ ही पर्यावरणीय संतुलन पर भी असर पड़ेगा।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जेसीबी मशीनों के जरिए जमीन को समतल किया गया और अब निर्माण कार्य तेजी से जारी है। स्थानीय लोगों ने कई बार इस मामले की शिकायत संबंधित विभागों से की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
इस संबंध में जब राजस्व निरीक्षक से बात की गई तो उन्होंने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है और जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, सवाल यह है कि जब महीनों से तालाब की पटाई और निर्माण कार्य चल रहा था, तब तक प्रशासन क्यों चुप रहा?
अब देखना यह होगा कि वायरल वीडियो के बाद प्रशासन हरकत में आता है या फिर यह मामला भी अन्य मामलों की तरह ठंडे बस्ते में चला जाएगा।










