Raebareli: विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ लालगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि गिरोह ने अजरबैजान, रूस समेत अन्य देशों में नौकरी दिलाने के नाम पर करीब 100 लोगों से रुपये ऐंठे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो लैपटॉप, नौ मोबाइल फोन, दो पासपोर्ट, छह एटीएम कार्ड, विभिन्न पहचान पत्र, 3,100 रुपये नकद और एक सुजुकी अर्टिगा कार बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित सूर्यपाल यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि न्यू बैसवारा टूर एंड ट्रैवल्स के संचालक और उसके सहयोगियों ने विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे 40 हजार रुपये ऑनलाइन और 50 हजार रुपये नकद लिए। इसके बाद उन्हें फर्जी वीजा और हवाई टिकट देकर ठगी की गई। पीड़ित ने आरोप लगाया कि गिरोह के सदस्यों ने इसी तरह करीब 100 अन्य लोगों से भी विदेश भेजने के नाम पर धनराशि वसूली है।

शिकायत के आधार पर लालगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने लालगंज-डलमऊ मार्ग स्थित न्यू बैसवारा टूर एंड ट्रैवल्स कार्यालय के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बिहार के सिवान जिले के निवासी किशन कुमार मिश्रा और कुशीनगर जिले के निवासी अमित कुमार तिवारी के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो लैपटॉप, नौ मोबाइल फोन, दो पासपोर्ट, छह ATM कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, मतदाता पहचान पत्र, 3,100 रुपये नकद और एक सुजुकी अर्टिगा कार बरामद की है। पुलिस बरामद सामान और दस्तावेजों की जांच के साथ गिरोह से जुड़े अन्य लोगों तथा ठगी के शिकार हुए लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
डिप्टी एसपी सुजीत कुमार राय ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस गिरोह के नेटवर्क और विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर की गई कथित ठगी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।










