बोकारो : झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (JHALSA) के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) बोकारो द्वारा आज जिले के सभी 9 प्रखंडों में मेगा विधिक सशक्तीकरण शिविरों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष डीएलएसए अनिल कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में किया गया।
सुबह 10 बजे से शुरू हुए इन शिविरों का आयोजन चास, चंदनकियारी, चंद्रपुरा, जरीडीह, कसमार, पेटरवार, गोमिया, बेरमो और नावाडीह प्रखंडों में किया गया। प्रत्येक शिविर में न्यायिक अधिकारियों की देखरेख तथा संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) के नेतृत्व में प्रशासनिक टीमों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

शिविरों का मुख्य उद्देश्य आम जनता को निःशुल्क विधिक सहायता प्रदान करना, विधिक जागरूकता बढ़ाना तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे लाभुकों तक पहुंचाना था। इसके साथ ही मध्यस्थता एवं परामर्श के माध्यम से विवादों के त्वरित निपटारे पर भी विशेष जोर दिया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार, बोकारो के सचिव अरुण कुमार दुबे के नेतृत्व में न्यायिक अधिकारी, मीडिएटर्स, लीगल एड डिफेंस काउंसिल, पैनल अधिवक्ता, पैरा-लीगल वॉलंटियर्स एवं विभिन्न एनजीओ के सदस्य शिविरों में उपस्थित रहे।
इन शिविरों में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। कुल 14,021 लाभुकों को लगभग 12 करोड़ 80 लाख रुपये से अधिक की राशि के प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष लाभ तथा परिसंपत्तियों का वितरण किया गया।
डीएलएसए के सचिव ने बताया कि जिला प्रशासन के सहयोग से इस प्रकार के शिविर आगे भी नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सके।










