दिशा बैठक सम्पन्न राहुल गांधी अनुपस्थित, सांसद किशोरी लाल शर्मा ने अध्यक्षता की

भाजपा विधायकों की गैरमौजूदगी, आरोप-प्रत्यारोप और गलत रिपोर्ट पर माफी

रायबरेली: कलेक्ट्रेट के बचत भवन सभागार में जिला विकास एवं समन्वय समिति (दिशा) की त्रैमासिक बैठक सोमवार को सम्पन्न हो गई। अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा ने बैठक की अध्यक्षता की गई। जबकि रायबरेली सांसद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी व्यक्तिगत कारणों से अनुपस्थित रहे। बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा के साथ ही कई विवादास्पद मुद्दे सामने आए, जिसमें सिंचाई विभाग की गलत रिपोर्ट, मनरेगा में मटेरियल बजट न आने का मुद्दा, भाजपा विधायकों की गैरमौजूदगी और जनप्रतिनिधियों के बीच तीखे आरोप-प्रत्यारोप शामिल रहे।

इस बैठक में भाजपा की सदर विधायक अदिति सिंह,ऊंचाहार विधायक डॉ. मनोज कुमार पांडे और सलोन विधायक अशोक कोरी अनुपस्थित रहे। वहीं, जिला पंचायत अध्यक्ष रंजना चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। हरचंदपुर से सपा विधायक राहुल लोधी ने बैठक में सक्रिय भूमिका निभाई और राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह पर गंभीर आरोप लगाए।

बैठक में उठे प्रमुख मुद्दे

बैठक के दौरान सिंचाई विभाग की ओर से गलत रिपोर्ट पेश किए जाने का मामला सामने आया। विभाग ने अपनी गलती मानते हुए माफी मांगी। मनरेगा योजना के तहत मटेरियल का बजट अभी तक न आने का मुद्दा भी उठा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में कार्य प्रभावित होने की शिकायत की गई। डीआरएम रेलवे ने जनप्रतिनिधियों से उनके क्षेत्रों में रेलवे से जुड़ी समस्याओं की जानकारी मांगी, ताकि इन्हें जल्द हल किया जा सके।

आरोप-प्रत्यारोप और तीखी बहस

बैठक के बाद अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा ने राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह पर तंज कसते हुए कहा, “अगली बैठक में होमवर्क करके आएं।” उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों की शिकायतों को गंभीरता से निपटाया जाए। इस बैठक में डीएम और एसपी समेत जिले के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

सपा विधायक राहुल लोधी ने मंत्री दिनेश प्रताप सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों की शिकायत पर अधिकारी बचाव करते हैं, जिससे क्षेत्र की जनता लगातार परेशान है। लोधी ने जबरन जमीन कब्जा और आवाज उठाने वालों पर मुकदमा दर्ज करवाने जैसे मुद्दे उठाए। उन्होंने पहले भ्रष्टाचार को लेकर पोस्टर जारी कर शिकायत भी की थी।

राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी को रेलमंत्री को पत्र लिखना चाहिए, डीआरएम को नहीं। इस पर सांसद किशोरी लाल शर्मा ने पलटवार करते हुए कहा, “मंत्री जी को पहले होमवर्क करके आना चाहिए। भाजपा विधायकों के शामिल न होने पर सांसद किशोरी लाल शर्मा ने कहा कि यह किसी पार्टी की बैठक नहीं, बल्कि जनता से जुड़े मुद्दों की बैठक है। सभी जनप्रतिनिधियों को इसमें शामिल होना चाहिए।

कुल मिलाकर बैठक खानापूर्ति जैसी नजर आई। विकास के प्रमुख मुद्दों पर गहन चर्चा की बजाय अनुपस्थितियों और आरोप-प्रत्यारोप पर ज्यादा समय व्यतीत हुआ। जिले के अधिकारियों ने राहत की सांस ली, क्योंकि किसी अधिकारी पर काम न करने का बड़ा आरोप नहीं लगा। सवाल उठ रहा है कि ऐसी बैठक से रायबरेली की आम जनता को कितना फायदा मिलेगा? क्या यह केवल चाय-पानी तक सीमित रह गई या वास्तविक विकास कार्यों पर अमल होगा?

सूत्रों के अनुसार, बैठक में विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा हुई, लेकिन ठोस निर्णय और समयबद्ध कार्ययोजना पर ज्यादा जोर नहीं दिखा। जनता अब देख रही है कि अगली बैठक में इन मुद्दों पर क्या ठोस कार्रवाई होती है।

Other Latest News

Leave a Comment