एक लंबे इंतजार के बाद आखिरकार ‘धुरंधर: द रिवेंज’ (Dhurandhar: The Revenge) सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है। 18 मार्च की शाम से इसके पेड प्रिव्यू शुरू हो चुके हैं, जबकि 19 मार्च को फिल्म देशभर में बड़े स्तर पर रिलीज होगी। दर्शकों के बीच इस फिल्म को लेकर जो उत्साह है, वह साफ दिखाता है कि इसका पहला पार्ट कितना सफल रहा था।
दर्शकों से आदित्य धर की अपील
फिल्म रिलीज से ठीक पहले निर्देशक आदित्य धर (Aditya Dhar) ने एक भावुक संदेश साझा किया है। उन्होंने दर्शकों से खास तौर पर अपील की है कि फिल्म देखने के बाद इसके किसी भी सीन या ट्विस्ट को सोशल मीडिया पर शेयर न करें। उनका कहना है कि हर दर्शक को फिल्म का अनुभव बिना किसी पूर्व जानकारी के करना चाहिए, तभी इसका असली मजा आता है।

सोशल मीडिया पर आदित्य का पोस्ट
आदित्य धर ने अपने पोस्ट में लिखा कि इस फिल्म को बनाने में पूरी टीम ने दिल और मेहनत दोनों लगाए हैं। उन्होंने थिएटर में फिल्म देखने के अनुभव को खास बताया और कहा कि बड़े पर्दे पर, एक साथ बैठकर कहानी को महसूस करना ही असली सिनेमा है। मोबाइल स्क्रीन पर देखना या पहले से कहानी जान लेना उस अनुभव को कमजोर कर देता है।
धुरंधर 2 में मिलेगा बड़ा सरप्राइज?
निर्देशक के एक और बयान ने दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है। उन्होंने साफ कहा कि फिल्म खत्म होने से पहले यानी एंड क्रेडिट्स तक सीट छोड़कर न जाएं। इससे यह संकेत मिल रहा है कि फिल्म के आखिर में कोई बड़ा ट्विस्ट या सरप्राइज छिपा हुआ है, जो कहानी को नया मोड़ दे सकता है।
आपको बता दे कि फिल्म में रणवीर सिंह (Ranveer Singh) और सारा अर्जुन (Sara Arjun) मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। इस बार कहानी पहले पार्ट से आगे बढ़ती है, जहां रहमान डकैत की मौत के बाद लियारी की सत्ता को लेकर संघर्ष दिखाया जाएगा। साथ ही हमजा के किरदार के जरिए कहानी में अतीत और वर्तमान के बीच का कनेक्शन भी सामने आएगा।










