KBP Mining के मजदूरों का अनिश्चितकालीन धरना दूसरे दिन भी जारी, बारिश के बीच 9 मांगों पर अड़े मजदूर

Ramgarh के बसंतपुर में KBP Mining के मजदूरों का अनिश्चितकालीन धरना दूसरे दिन भी भारी बारिश में जारी रहा। मजदूरों ने 9 मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।

Ramgarh: मांडू प्रखंड के बसंतपुर क्षेत्र स्थित KBP Mining Pvt. Ltd. के मजदूरों का अनिश्चितकालीन धरना बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। लगातार हो रही भारी बारिश के बावजूद मजदूर धरना स्थल पर डटे रहे। कर्मचारियों का कहना है कि कंपनी प्रबंधन के सामने लंबे समय से अपनी समस्याएं रखी जा रही हैं, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मजदूरों में नाराजगी

धरने पर बैठे मजदूरों ने कंपनी प्रबंधन पर कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का पर्याप्त पालन नहीं करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि काम के दौरान कर्मचारियों पर अधिक दबाव बनाया जाता है। विरोध करने वाले मजदूरों को कथित तौर पर नौकरी से हटाने की धमकी मिलने और ड्यूटी में बदलाव किए जाने जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। मजदूरों ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ कर्मचारियों का वेतन लंबे समय से लंबित है।

मजदूरों के समर्थन में आए पंचायत प्रतिनिधि

मजदूरों के आंदोलन को बसंतपुर पंचायत के मुखिया पति अरजलाल महतो ने भी समर्थन दिया। उन्होंने धरना स्थल पर पहुंचकर मजदूरों की समस्याएं सुनीं। उनका कहना है कि मजदूर जिन मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, उनमें कई मांगें जायज हैं। उन्होंने कहा कि जब तक मजदूरों की समस्याओं का समाधान नहीं होता, वे उनके साथ खड़े रहेंगे।

धरना स्थल पहुंचे मांडू प्रखंड के अधिकारी

अनिश्चितकालीन धरने की जानकारी मिलने के बाद मांडू प्रखंड के सीईओ भी शाम के समय धरना स्थल पहुंचे। उन्होंने आंदोलन कर रहे मजदूरों से बातचीत कर उनकी मांगों की जानकारी ली। मजदूरों ने अधिकारी के सामने अपनी समस्याएं रखीं। अधिकारी की ओर से जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने की बात मजदूरों ने कही है।

मजदूरों ने रखीं 9 प्रमुख मांगें

मजदूरों का कहना है कि उनकी मांगें केवल वेतन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि रोजगार की सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा और कंपनी की सेवा शर्तों से भी जुड़ी हैं। धरनारत कर्मचारियों की प्रमुख मांगें हैं—

  • हाई पावर कमेटी (HPC) की निर्धारित राशि के अनुसार भुगतान किया जाए और कम भुगतान की अवधि का एरियर मजदूरों को दिया जाए।
  • EPF से CMPFO में कर्मचारियों को कन्वर्ट करने की प्रक्रिया पूरी की जाए।

इसके अलावा मजदूरों ने तुरंत आईडी कार्ड जारी करने, LMP ड्राइवरों को HPC के अनुसार भुगतान, सभी कर्मचारियों का जीवन बीमा और HR द्वारा दबाव में काम नहीं कराने की मांग भी उठाई है।

ज्वाइनिंग लेटर और छुट्टियों का भी उठे मुद्दा

मजदूरों की मांगों में KBP Mining Pvt. Ltd. की ओर से सभी कर्मचारियों को ज्वाइनिंग लेटर देने की मांग भी शामिल है। इसके साथ ही बोनस, पेमेंट स्लिप, अवकाश, छुट्टी और रविवार की छुट्टी दिए जाने की मांग की गई है। कर्मचारियों ने नाइट अलाउंस और डस्ट अलाउंस का भुगतान करने की मांग भी प्रबंधन के सामने रखी है।

दूसरे दिन भी प्रबंधन की ओर से नहीं हुई वार्ता

मजदूरों के अनुसार, धरना शुरू होने के दूसरे दिन तक KBP Mining Pvt. Ltd. के किसी भी उच्च पदाधिकारी ने आंदोलन स्थल पर पहुंचकर कर्मचारियों से औपचारिक वार्ता नहीं की। इससे मजदूरों में नाराजगी बनी हुई है। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। अब देखना होगा कि कंपनी प्रबंधन और मजदूरों के बीच बातचीत कब शुरू होती है और इस गतिरोध का समाधान किस तरह निकलता है।

Other Latest News

Leave a Comment