उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद से फरार एक प्रेमी युगल की कहानी दर्दनाक अंत तक पहुंच गई। पुलिस जब उन्हें पकड़ने बुलंदशहर जनपद पहुंची तो वहां पकड़े जाने के डर से युवक ने पहले अपनी प्रेमिका को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया और फिर खुद भी आत्महत्या कर ली। यह प्रेम कहानी 19 सितंबर को शुरू हुई थी जब यह युगल छपार थाना क्षेत्र के तेजलहेड़ा गांव से फरार हुआ था। लड़की के परिजनों ने तलाश के बाद 20 सितंबर को थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस लगातार इस युगल को ढूंढ रही थी। दोनों अलग-अलग बिरादरी से थे, जिसके कारण मामले ने संवेदनशील रूप ले लिया। क्या है पूरा मामला लिए आपको बताते हैं।
फरारी और पुलिस शिकायत

यह मामला मुजफ्फरनगर के छपार थानाक्षेत्र के तेजलहेड़ा गांव का है। 19 सितंबर को गांव की 11वीं कक्षा की 15 वर्षीय छात्रा अपने प्रेमी प्रिंस गुर्जर के साथ फरार हो गई। परिजनों ने पहले खुद खोजबीन की और न मिलने पर 20 सितंबर को थाने में मुकदमा दर्ज कराया। इसके बाद से पुलिस लगातार इस प्रेमी युगल की तलाश कर रही थी। अधिकारियों ने इसे संवेदनशील मानते हुए गांव में सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल भी तैनात कर दिया। युवती जाट समाज से थी, जबकि युवक गुर्जर समाज से, जिससे मामला और संवेदनशील हो गया।
प्रेम संबंध और पृष्ठभूमि
सूत्रों के मुताबिक, प्रिंस गुर्जर अपनी ननिहाल में पिछले दो साल से रह रहा था। ननिहाल उसी गांव में है जहां युवती रहती थी। इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध बने। अलग-अलग बिरादरी के कारण दोनों का रिश्ता परिवारों के लिए स्वीकार्य नहीं था। इस कारण उन्होंने घर से भागकर साथ रहने का निर्णय लिया। पुलिस की नजर में आते ही मामला गंभीर हो गया। अधिकारियों ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गांव में फोर्स तैनात की। प्रेमी के खिलाफ पहले से ही आपराधिक मुकदमे दर्ज थे, जिससे मामला और उलझा हुआ लग रहा था।
बुलंदशहर में घटनाक्रम
पुलिस को जानकारी मिली कि यह प्रेमी युगल बुलंदशहर जनपद के डिबाई थाना क्षेत्र में छिपा हुआ है। लड़की के घरवालों के साथ पुलिस वहां पहुंची। बताया जाता है कि पकड़ में आने के डर से प्रिंस ने पहले अपनी 15 वर्षीय प्रेमिका को गोली मार दी और फिर खुद भी गोली चला ली। यह घटना मौके पर मौजूद लोगों के लिए भी स्तब्ध करने वाली रही। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरनगर और बुलंदशहर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई शुरू की। गुरुवार शाम परिजनों ने दोनों के शवों का अंतिम संस्कार किया, इस दौरान भारी पुलिस फोर्स मौजूद रही।
पुलिस जांच और आधिकारिक बयान
मुजफ्फरनगर एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि यह मामला आत्महत्या का है। लड़की नाबालिग थी और युवक की उम्र 23 वर्ष थी। प्रिंस नाम के इस युवक के खिलाफ दो आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं—एक 2023 में टोल पर फायरिंग करने का और दूसरा चेन स्नैचिंग का। वह एक लोकल बाबा गैंग का सदस्य भी बताया जा रहा है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है। डिबाई थाने में भी इस मामले में एप्लीकेशन दी गई है। पंचायतनामा और पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की जा रही है और वैधानिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। जो भी अन्य इसमें शामिल होगा, उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।