असम दौरे पर पीएम मोदी दे सकते हैं किसानों को बड़ी सौगात, अगले हफ्ते जारी हो सकती है PM Kisan की 22वीं किस्त

PM Kisan : प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त को लेकर देशभर के करोड़ों किसानों की नजरें अगले हफ्ते पर टिकी हुई हैं। अटकलें हैं कि 13 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के असम दौरे के दौरान यह राशि जारी की जा सकती है। हालांकि केंद्र सरकार या कृषि मंत्रालय की ओर से अभी आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है, लेकिन पिछली किस्तों के ट्रेंड को देखें तो मार्च में भुगतान की संभावना मजबूत मानी जा रही है। इससे पहले 21वीं किस्त 19 नवंबर 2025 को जारी हुई थी।

क्या है PM Kisan योजना का ढांचा

Pradhan Mantri Kisan Samman Nidhi केंद्र सरकार की प्रमुख किसान कल्याण योजनाओं में से एक है। इस योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को सालाना ₹6,000 की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह रकम ₹2,000 की तीन बराबर किस्तों में सीधे किसानों के बैंक खाते में DBT के जरिए ट्रांसफर की जाती है।

योजना के तहत किस्तों का निर्धारित चक्र इस प्रकार है:

  • पहली किस्त: अप्रैल से जुलाई
  • दूसरी किस्त: अगस्त से नवंबर
  • तीसरी किस्त: दिसंबर से मार्च

चार-चार महीने के अंतराल के हिसाब से 22वीं किस्त का समय मार्च 2026 में पूरा हो रहा है। बीते वर्षों में भी फरवरी-मार्च के दौरान ही भुगतान देखने को मिला है।

ई-केवाईसी और दस्तावेज अपडेट करना अनिवार्य

किसानों के लिए सबसे जरूरी बात यह है कि सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी हों। अगर किसी लाभार्थी की e-KYC या अन्य विवरण अपडेट नहीं हैं, तो किस्त अटक सकती है।

जरूरी प्रक्रियाएं:

  • e-KYC अनिवार्य: पीएम किसान पोर्टल पर OTP के जरिए या नजदीकी CSC केंद्र पर बायोमेट्रिक के माध्यम से करवा सकते हैं।
  • भू-लेख सत्यापन (Land Seeding): जमीन के रिकॉर्ड का आधार और बैंक खाते से लिंक होना जरूरी है।
  • आधार-बैंक लिंकिंग: बैंक खाता आधार से जुड़ा हो और DBT इनेबल हो।
  • फार्मर आईडी: कुछ राज्यों में नए पंजीकरण के लिए किसान आईडी जरूरी की जा रही है।

कौन किसान नहीं ले सकते लाभ

योजना का लाभ सभी को नहीं मिलता। सरकार ने पात्रता के स्पष्ट मानदंड तय किए हैं। निम्न श्रेणी के लोग इस योजना के दायरे से बाहर हैं:

  • संस्थागत भूमिधारक
  • पूर्व या वर्तमान सांसद, विधायक, मंत्री या मेयर
  • सरकारी कर्मचारी (चतुर्थ श्रेणी को छोड़कर)
  • ₹10,000 से अधिक मासिक पेंशन पाने वाले
  • आयकर दाता
  • पेशेवर जैसे डॉक्टर, इंजीनियर, वकील, चार्टर्ड अकाउंटेंट

ऐसे चेक करें अपनी किस्त का स्टेटस

किसान घर बैठे अपनी पात्रता और किस्त की स्थिति की जांच कर सकते हैं। इसके लिए आधिकारिक वेबसाइट पर ‘Farmers Corner’ में जाकर ‘Beneficiary Status’ विकल्प चुनना होगा। वहां रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर या खाता संख्या डालकर OTP के जरिए स्टेटस देखा जा सकता है।

इसके अलावा हेल्पलाइन नंबर 155261, 1800115526 (टोल फ्री) या 011-23381092 पर संपर्क किया जा सकता है।

आधिकारिक घोषणा का इंतजार

हालांकि 22वीं किस्त को लेकर उम्मीदें तेज हैं, लेकिन अंतिम निर्णय सरकार की आधिकारिक अधिसूचना के बाद ही स्पष्ट होगा। ऐसे में किसानों को सलाह है कि अपने दस्तावेज अपडेट रखें और अफवाहों से बचें। अगर सब कुछ सही रहा तो मार्च के दूसरे सप्ताह में किसानों के खातों में राहत की रकम पहुंच सकती है।

Other Latest News

Leave a Comment