Raebareli Car Accident : कहते हैं “जाको राखे साईयाँ, मार सके न कोय” — यह कहावत उस समय सच साबित होती दिखी जब रायबरेली जिले में दो कारों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत के बावजूद दोनों गाड़ियों में सवार लोग पूरी तरह सुरक्षित बच गए।
घटना रायबरेली के सलोन कोतवाली क्षेत्र स्थित सूची चौराहे की है। जानकारी के अनुसार प्रतापगढ़ निवासी लोग अपनी Toyota Innova Crysta से एक मरीज को इलाज के लिए एम्स ले जा रहे थे। तभी सामने से डीह की ओर से आ रही Maruti Suzuki Baleno अचानक आमने-सामने आ गई।

टक्कर की आवाज से सहमे लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि जोरदार धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी। आसपास के लोग किसी बड़े हादसे की आशंका में मौके की ओर दौड़ पड़े। लेकिन जब लोगों ने दोनों वाहनों में सवार यात्रियों को देखा तो हैरान रह गए—सभी पूरी तरह सुरक्षित थे और किसी को खरोंच तक नहीं आई थी।
चौकी इंचार्ज ने दिखाई तत्परता
सूची चौकी इंचार्ज स्वदेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर तत्काल स्थिति का जायजा लिया। मानवता का परिचय देते हुए उन्होंने मरीज को सुरक्षित रूप से एम्स भेजने की व्यवस्था कराई और यातायात सुचारु कराया। साथ ही दुर्घटना के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
बड़ा हादसा टला
इस भीषण टक्कर के बाद भी किसी के घायल न होने से क्षेत्र में राहत की सांस ली जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह किसी चमत्कार से कम नहीं कि इतनी जोरदार भिड़ंत के बावजूद सभी लोग सुरक्षित बच गए।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कर दिया गया है।










