Raebareli : रायबरेली जिले के जिला अस्पताल से इलाज के दौरान हथकड़ी लगे एक किशोर के फरार होने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस को अब तक किशोर का कोई सुराग नहीं मिल सका है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दे दिए हैं।
सम्प्रेक्षण गृह से इलाज के लिए लाया गया था किशोर

जानकारी के अनुसार, एक मार्च को राजकीय सम्प्रेक्षण गृह में बंद एक किशोर को इलाज के लिए रायबरेली जिला अस्पताल लाया गया था। इसी दौरान मौका पाकर किशोर अस्पताल से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि किशोर के हाथ में हथकड़ी लगी हुई थी, लेकिन वह अस्पताल परिसर से निकलने में कामयाब हो गया।
मरीज की चप्पल पहनकर फरार हुआ किशोर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भागते समय किशोर ने अस्पताल में भर्ती एक अन्य मरीज की चप्पल पहन ली और उसी हालत में तेजी से अस्पताल परिसर से बाहर निकल गया। जब तक अस्पताल कर्मियों और पुलिस को इसकी जानकारी होती, तब तक वह मौके से काफी दूर जा चुका था।
पुलिस ने कई जगहों पर दी दबिश
घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन ने तुरंत शहर कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने उसी रात से किशोर की तलाश शुरू कर दी, लेकिन अब तक उसका कोई पता नहीं चल सका है। पुलिस टीम किशोर की तलाश में लखनऊ स्थित उसके घर भी पहुंची, लेकिन वहां भी उसका कोई सुराग नहीं मिला।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठने लगे सवाल
इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए हैं। जांच की जिम्मेदारी सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपी गई है।
जिला प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद पूरे मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस फरार किशोर की तलाश में लगातार संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है।










