Raebareli: थाना खीरों क्षेत्र के सेमरी चौराहा स्थित जगन्नाथगंज मोड़ के पास शुक्रवार को निर्माणाधीन मकान की छत डालते समय अचानक पटरी टूट जाने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में चाहली पर सवार करीब आधा दर्जन मजदूर नीचे गिरकर घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार धर्मेश पुत्र रामऔतार के मकान में शुक्रवार को छत का स्लैब डालने का काम चल रहा था। छत निर्माण के दौरान कई मजदूर चाहली पर सवार होकर काम कर रहे थे। इसी बीच अचानक निर्माणाधीन छत की पटरी टूट गई। पटरी टूटते ही उस पर काम कर रहे मजदूर संतुलन खो बैठे और नीचे जा गिरे।

अचानक हुए हादसे से मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। आसपास के लोग तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और मलबे व निर्माण सामग्री के बीच गिरे मजदूरों को बाहर निकाला। स्थानीय लोगों की मदद से घायल मजदूरों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खीरों पहुंचाया गया।
हादसे में करीब आधा दर्जन मजदूरों को चोटें आई हैं। सभी घायलों का सीएचसी खीरों में उपचार कराया गया। हादसे की सूचना के बाद स्थानीय स्तर पर घटना को लेकर चर्चा बनी रही। निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।










