Raebareli : होली पर्व को लेकर जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से रायबरेली के मिल एरिया थाना क्षेत्र में पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आई। थाना अध्यक्ष विन्ध्य विनय अपनी पुलिस टीम के साथ लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहे और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
पुलिस टीम द्वारा बाजारों, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त की गई। इस दौरान लोगों से संवाद स्थापित कर शांति और सौहार्द के साथ होली मनाने की अपील भी की गई। थाना अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अराजकता, हुड़दंग या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

एसपी के निर्देशन में कड़ी निगरानी
पूरी सुरक्षा व्यवस्था रवि कुमार (पुलिस अधीक्षक) के निर्देशन में संचालित की जा रही है। उनके निर्देश पर मिल एरिया थाने की पुलिस टीम ने विशेष रूप से संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है।
वाहनों की चेकिंग अभियान भी चलाया गया, ताकि शराब पीकर वाहन चलाने या किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
जनता को कराया सुरक्षा का एहसास
जहां एक ओर लोग रंग-गुलाल के साथ होली का पर्व हर्षोल्लास से मना रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पुलिस टीम लगातार क्षेत्र में गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए हुए है। पुलिस की सक्रियता से आम नागरिकों में सुरक्षा का भाव स्पष्ट रूप से देखने को मिला।
थाना अध्यक्ष विन्ध्य विनय ने बताया कि होली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है और 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।










