Raebareli News : रायबरेली जनप जनपद के गुरबख्शगंज थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव के पास रविवार दोपहर करीब 3:30 बजे एक तेज रफ्तार XUV (महिंद्रा XUV700) ने बाइक सवार दंपति को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार पति-पत्नी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, XUV चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण यह भयानक हादसा हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों घायल सड़क पर जा गिरे। घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने आक्रोशित होकर XUV चालक को गाड़ी समेत रोक लिया और उसकी पिटाई करने की कोशिश की। किसी तरह ग्रामीणों ने चालक को बचाया और तुरंत गुरबख्शगंज पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया।
घायल दंपति को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जटवा टप्पा ले जाया गया, जहां दोनों का प्राथमिक उपचार चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है और आगे का इलाज चल रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क पर आए दिन तेज रफ्तार वाहन दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन कोई स्थायी समाधान नहीं कर रहा। आक्रोशित लोगों ने चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सड़क पर स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की है।
पुलिस ने बताया कि घायलों के परिजनों की तहरीर मिलते ही चालक के विरुद्ध भादवि की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। चालक से पूछताछ की जा रही है और आगे की जांच जारी है।










