Serve For Humanity : जरूरतमंद मरीजों के लिए संजीवनी साबित हो रही संस्था सर्व फ़ॉर ह्यूमैनिटी को लगातार मानवता के कार्यों के लिए जिला अस्पताल में सम्मानित किया गया। पिछले छह महीनों में संस्था द्वारा आयोजित रक्तदान शिविरों में कुल 383 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया, जो विभिन्न गंभीर रोगों से जूझ रहे मरीजों को उपलब्ध कराया गया।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश कुमार ने संस्था के उत्कृष्ट योगदान की सराहना करते हुए सम्मान पत्र भेंट किया।

संस्था की ओर से सम्मान ग्रहण करने पहुंचे प्रबंधक गुरमीत सिंह ने बताया कि इस रक्तदान से थैलेसीमिया, डायलिसिस, बोन मैरो ट्रांसप्लांट, कैंसर, एनीमिया और डेंगू पीड़ित मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सका। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य यह है कि किसी भी जरूरतमंद की जान केवल रक्त की कमी के कारण न जाए।
इस अवसर पर जिला चिकित्सालय के रक्त केंद्र विभागाध्यक्ष डॉ. वरद वर्धन बिसेन, जेआर डॉ. अभिषेक, मेडिकल ऑफिसर डॉ. अभिषेक सिंह, टेक्निकल सुपरवाइजर अशोक शुक्ला, परामर्शदाता दीपाली वर्मा, टेक्नोलॉजिस्ट दिव्या वर्मा, बृज किशोर और लैब अटेंडेंट अजय यादव भी मौजूद रहे।










