Nasirabad : उत्तर प्रदेश सहकारी भूमि विकास बैंक शाखा नसीराबाद में अध्यक्ष पद के लिए हुए नामांकन में केवल एक ही वैध नामांकन होने से चुनाव की तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है। इस प्रकार शिवराम चौधरी का अध्यक्ष बनना तय माना जा रहा है। नामांकन विवरण के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए भाजपा से शिवराम चौधरी, निवासी पूरे फत्ते मजरे मवई आलमपुर, अमेठी ने अपना नामांकन दाखिल किया। उनके प्रस्तावक रामसेवक वर्मा पुत्र बृजलाल रहे, जबकि दूसरे प्रस्तावक हरिप्रसाद पुत्र कल्पनाथ थे। नामांकन पत्रों की जांच में उनका पर्चा पूरी तरह वैध पाया गया।
वहीं दूसरे दावेदार त्रिवेदी प्रसाद अग्रहरी पुत्र राम हर्ष, निवासी पोठई, रायबरेली नामांकन प्रक्रिया में ही बाहर हो गए। जानकारी के अनुसार उनका नाम वोटर लिस्ट में दर्ज नहीं था और वे बकायेदार भी थे, जिस कारण वे नामांकन पत्र दाखिल नहीं कर सके। इस स्थिति में अध्यक्ष पद के लिए केवल शिवराम चौधरी का ही नामांकन शेष रहने से उनका निर्विरोध अध्यक्ष चुना जाना तय हो गया है। बैंक से जुड़े सदस्यों और समर्थकों में इसे लेकर संतोष और उत्साह का माहौल देखा गया।

इस दौरान ग्रामीणों ने एक अहम मांग भी उठाई। उनका कहना है कि बैंक का नाम नसीराबाद (रायबरेली) से जुड़ा है, लेकिन इसका संचालन बहादुरपुर, अमेठी से किया जा रहा है। यदि बैंक का संचालन रायबरेली (नसीराबाद) से किया जाए, तो इससे सदस्यों की संख्या बढ़ेगी और किसानों को अधिक सुविधा मिल सकेगी।
पूरी नामांकन प्रक्रिया सलोन तहसील की तहसीलदार एवं चुनाव अधिकारी दीपिका सिंह की देखरेख में शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई। अब सभी की निगाहें शिवराम चौधरी के औपचारिक रूप से अध्यक्ष पद संभालने पर टिकी हैं, जिनसे क्षेत्र के किसानों और बैंक सदस्यों को बेहतर संचालन की उम्मीद है।










