रायबरेली : शासन के निर्देश पर आम जनमानस को हर संभव न्याय और मदद दिलाए जाने के लिए तहसील दिवस (Tehsil Day) थाना दिवस ब्लॉक दिवस सहित अन्य आयोजन किया जा रहे हैं। जिससे फरियादी को उसके कार्य क्षेत्र में ही न्याय मिल सके, लेकिन कई ऐसे अधिकारी हैं जो शासन के निर्देशों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। ऐसे महत्वपूर्ण जगहों पर भी अनुपस्थित रहते हैं।
बताते चलें कि शनिवार को महाराजगंज तहसील में आयोजित किए गए तहसील दिवस (Tehsil Day) में डीएम हर्षिता माथुर की अध्यक्षता में तहसील महराजगंज में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें पुलिस अधीक्षक समेत कई अन्य विभागों के अधिकारी और कर्मचारी की गैर मौजूदगी रही और इस तहसील दिवस को डीएम द्वारा ही सुना गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि जन सामान्य की शिकायतों का स्थानीय स्तर पर समाधान किया जाना सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है जिसके क्रम में तहसील व थानों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया जाता है। इसमें स्थानीय नागरिक उपस्थित होकर अपनी समस्याओं का समाधान करा सकते है।जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी जनता की इन शिकायतों का निस्तारण त्वरित एवं समयबद्ध तरीके से एक सप्ताह में कराना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में यदि कोई समस्या है तो उसका कारण स्पष्ट करते हुए अवगत कराना सुनिश्चित किया जाये।तहसील महराजगंज में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में राजस्व विभाग 24, पुलिस 07, विकास 16 एवं अन्य 09 कुल 56 प्रकरण प्राप्त हुए, जिसमें से 05 प्रकरणों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। शेष प्रकरणों के निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को इस निर्देश के साथ उपलब्ध करा दिये गये कि उनका निस्तारण एक सप्ताह में कराना सुनिश्चित कराए।










