Raebareli : रायबरेली के हरचंदपुर थाना क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है। जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है। शादी का झांसा देकर आठ वर्षों तक कथित शारीरिक और मानसिक शोषण, और जब पीड़िता ने न्याय की राह पकड़ी तो उसके घर में घुसकर जानलेवा हमला यह पूरा घटनाक्रम अब इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
बताते चलें कि शनिवार को पीड़िता आरती, पुत्री महेश, निवासी नवरंग का पुरवा, लालगंज ने थाने में नामजद तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। आरती का आरोप है कि पूरे नायब, हरचंदपुर निवासी अमन कुमार के साथ उसका आठ वर्षों से प्रेम संबंध था। अमन ने शादी का वादा किया, भरोसा दिलाया, भविष्य के सपने दिखाए लेकिन वक्त आने पर वह अपनी बात से मुकर गया और दूसरी जगह शादी तय कर ली। पीड़िता के अनुसार, पहले भी मामला थाने तक पहुंचा था। उस समय दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ, लेकिन आरती का आरोप है कि आरोपी की मां राजरानी ने यह समझौता केवल बेटे को जेल से बचाने के लिए किया था। बाद में जब वादे पूरे नहीं हुए तो पीड़िता ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया और मुकदमा दर्ज कराया।

तिलक के दिन घर में घुसा कहर घटना 20 फरवरी 2026 की बताई जा रही है। अमन के घर तिलक समारोह चल रहा था। उसी दौरान, आरोप है कि अमन के परिजन और साथी राजकिशोर, आकाश, अनोज, कामनी, सरोजा, कमलेशा, राजरानी समेत सात अज्ञात लोग पीड़िता की मौसी के घर में जबरन घुस आए।
बताया जा रहा है कि घर में घुसते ही गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और फिर बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी गई। गला दबाया, मोबाइल छीना, नकदी लूटी पीड़िता का आरोप है कि उसे, उसकी मां चंद्रकली और मौसी को लात-घूंसों से पीटा गया। इतना ही नहीं, गला दबाकर जान से मारने की कोशिश भी की गई। हमलावरों ने पीड़िता का मोबाइल फोन भी छीन लिया, जिसके कवर में ₹4700 नकद रखे थे।
घटना के बाद परिवार दहशत में है और इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। हमें न्याय चाहिए पीड़िता की गुहार, पीड़िता ने थाना प्रभारी से मांग की है कि सभी नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाए। साथ ही परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए ताकि दोबारा इस तरह की घटना न हो। यह मामला सिर्फ एक प्रेम प्रसंग का नहीं, बल्कि विश्वास, महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर भी बड़ा सवाल खड़ा करता है।










