Raebareli : मंदिर में प्रेमी जोड़े का विधिवत विवाह, चार साल की प्रेम कहानी हुई पूरी

Raebareli : लालगंज क्षेत्र के ऐहार गांव स्थित प्रसिद्ध बाल्हेश्वर मंदिर में आज उस समय खुशी का माहौल छा गया जब चार वर्षों से प्रेम संबंध में बंधे बृजेश और रामपति ने मंदिर परिसर में विधि-विधान से हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कर लिया। दोनों परिवारों की आपसी सहमति के बाद यह अनोखा विवाह संपन्न हुआ, जिसमें परिजनों के साथ-साथ गांव के लोगों ने भी नवदंपती को आशीर्वाद और उपहार दिए।

नकफुलहा गांव निवासी बृजेश और पूरे करबती मजरे ऐहार निवासी रामपति पिछले चार साल से एक-दूसरे से गहरे प्रेम में थे। दोनों के बीच प्रेम संबंध की जानकारी जब परिवारों को हुई तो शुरू में कड़ा विरोध हुआ था। दोनों पक्ष इस रिश्ते को स्वीकार करने को तैयार नहीं थे। विवाह के मुद्दे पर कई बार गांव में पंचायतें भी हुईं, लेकिन कोई हल नहीं निकल पाया। लंबे समय तक चले तनाव और समझाइश के बाद आखिरकार दोनों परिवारों के बीच आपसी सहमति बन गई।

सहमति बनते ही परिजनों ने कोई देर नहीं की और आज सुबह बृजेश-रामपति को लेकर बाल्हेश्वर मंदिर पहुंच गए। मंदिर के पुजारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ फेरे कराए और दोनों को पति-पत्नी घोषित किया। विवाह के बाद मंदिर परिसर में ही सादे लेकिन भावपूर्ण तरीके से रस्में पूरी की गईं।

इस मौके पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राजेश फौजी, अन्य ग्रामवासी और दोनों पक्षों के परिजन मौजूद रहे। सभी ने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया तथा कपड़े, गहने और नकद राशि भेंट की। नवदंपती ने भी सभी के प्रति आभार जताया और कहा कि अब वे खुशी- खुशी नई जिंदगी शुरू करेंगे।

गांव वालों का कहना है कि प्रेम और समझ से हर समस्या का हल निकल सकता है। बाल्हेश्वर मंदिर में संपन्न इस विवाह ने पूरे क्षेत्र में सकारात्मक संदेश दिया है।

Other Latest News

Leave a Comment