Raebareli : त्योहारों से पहले पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट, एसपी ने किया पुलिस बल के साथ पैदल मार्च

Raebareli : रायबरेली में आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। रविवार शाम शहर के संवेदनशील इलाकों में पुलिस अधिकारियों ने खुद सड़कों पर उतरकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान आम लोगों को यह संदेश देने की कोशिश की गई कि कानून व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता नहीं होगा।

पुलिस अधीक्षक रवि कुमार स्वयं फील्ड में उतरे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उनके साथ ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रफुल्ल शर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट राम अवतार एवं सीओ सिटी अरुण नौहार भी मौजूद रहे।

संवेदनशील क्षेत्रों में सघन निगरानी

पुलिस टीम ने शहर कोतवाली क्षेत्र के कहारों के अड्डे सहित कई घनी आबादी वाले मोहल्लों और भीड़-भाड़ वाले बाजार क्षेत्रों में पैदल गश्त की। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की जांच-पड़ताल की गई और दुकानदारों व स्थानीय नागरिकों से संवाद कर शांति बनाए रखने की अपील की गई।

अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की भ्रामक पोस्ट या शांति भंग करने वाली गतिविधि पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का साइबर सेल भी सक्रिय कर दिया गया है ताकि डिजिटल माध्यमों से फैलने वाली अफवाहों पर तुरंत रोक लगाई जा सके।

आमजन से सहयोग की अपील

एसपी रवि कुमार ने लोगों से अपील की कि त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं। यदि कहीं भी कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।

पुलिस प्रशासन की इस सक्रियता से यह संदेश साफ है कि त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद है।

Other Latest News

Leave a Comment