Raebareli : लालगंज में 30 लाख की चोरी : सीढ़ी के रास्ते घर में घुसे चोर, नगदी-जेवरात पार

Raebareli : रायबरेली जिले के लालगंज कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत एक बड़ी चोरी की वारदात हुई है। जिसको लेकर सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।

बताते चलें कि थाना क्षेत्र के अंतर्गत धनीपुर गांव में बीती रात उस समय हड़कंप मच गया, जब अज्ञात चोर एक मकान में जीने (सीढ़ी) के रास्ते घुसकर नगदी और कीमती जेवरात समेत करीब 25 से 30 लाख रुपये का माल पार कर ले गए। सुबह घटना की जानकारी होते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार धनीपुर गांव निवासी सुरेंद्र सिंह के घर में देर रात चोर जीने के रास्ते अंदर दाखिल हुए। उस समय परिवार के सभी सदस्य घर के कमरों में सो रहे थे। चोरों ने घर के अलमारियों और बक्सों के ताले तोड़कर नगदी और सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए।

सुबह जब परिवार के लोगों की नींद खुली तो घर का सामान बिखरा पड़ा था, और अलमारियां खुली मिलीं। इसके बाद परिवार के होश उड़ गए और आसपास के लोगों को सूचना दी गई। देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। घर के मुखिया सुरेंद्र सिंह के मुताबिक चोर करीब 25 से 30 लाख रुपये की नगदी और आभूषण लेकर फरार हुए हैं। चोरी की इस बड़ी वारदात से परिवार दहशत में है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में पहले भी छोटी-मोटी घटनाएं हुई हैं, लेकिन इतनी बड़ी चोरी पहली बार सामने आई है।

घटना की सूचना मिलते ही लालगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके। फोरेंसिक टीम को भी बुलाने की तैयारी की जा रही है, जिससे साक्ष्य जुटाए जा सकें। पुलिस का कहना है कि सभी एंगल से मामले की जांच की जा रही है, और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

Other Latest News

Leave a Comment