Road Accident : रायबरेली जनपद के गुरबख्शगंज थाना क्षेत्र में आज दोपहर करीब 1:30 बजे एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। बछरावां से लालगंज की ओर जा रही तेज रफ्तार रोडवेज बस (नंबर UP-33 GT 8027) ने साइकिल पर घर लौट रही मां-बेटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि मां की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल बेटी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
हादसे में मृतक मां का नाम बिट्टो देवी (उम्र 35 वर्ष) पत्नी दिनेश कुमार और बेटी शिवानी (उम्र करीब 15 वर्ष) पुत्री दिनेश कुमार, दोनों निवासी नया पुरवा मजरे बरदर गांव, बताया गया है। दोनों साइकिल से घर वापस जा रही थीं, तभी विपरीत दिशा से आ रही रोडवेज बस ने उन्हें टक्कर मार दी।

हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। गुस्साए लोगों ने बस चालक को बस से खींचकर बाहर निकाला और जमकर पीटा। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक को अपनी अभिरक्षा में ले लिया। बस को भी जब्त कर लिया गया है।
मृतका बिट्टो देवी की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि शिवानी को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछरावां ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दोनों शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने बताया कि बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने व मृत्यु कारित करने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। चालक से सख्ती से पूछताछ की जा रही है और हादसे के सही कारणों की जांच की जा रही है। क्षेत्र में इस दर्दनाक हादसे से मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने सड़क पर आए दिन होने वाले हादसों को लेकर रोष जताया है और संबंधित मार्ग पर स्पीड ब्रेकर व सड़क सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।










