West Bengal Storm : पश्चिम बंगाल में भारी बारिश से तबाही, जलपाईगुड़ी में 4 की मौत, 100 से अधिक घायल, सैकड़ों आशियाने उजड़े

31 मार्च को हुई भारी बारिश ने पूर्वोत्तर राज्यों में भारी तबाही मचाई है। पश्चिम बंगाल का जलपाईगुरी इलाका सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। जिले में भारी बारिश और ओलावृष्टि से कम से कम 4 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 100 से अधिक लोग घायल हो गए।

पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने ट्वीट किया, “यह जानकर दुख हुआ कि आज दोपहर अचानक भारी बारिश और तूफानी हवाओं ने जलपाईगुड़ी-मैनागुड़ी के कुछ इलाकों में आपदाएं ला दीं, जिसमें मानव जीवन की हानि, चोटें, घर की क्षति, पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए।

सीएम ने कहा कि जिला और ब्लॉक प्रशासन, पुलिस, डीएमजी और क्यूआरटी टीमें आपदा प्रबंधन कार्यों में जुटे हैं और राहत पहुंचाने की कोशिश में जुटे हैं। प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। जिला प्रशासन मौतों के मामले में परिजनों और घायलों को नियमों के अनुसार मुआवजा प्रदान करेगा।

बीजेपी सांसद जयंत कुमार रॉय का कहना है, “लगभग 166 लोग घायल अवस्था में अस्पताल आए थे और उनमें से 36 को यहां भर्ती कराया गया है और 3 लोगों को मृत लाया गया था। कुल मरने वालों की संख्या 4 है।”

6609a807a43f3 photo pti 311430888 16x9 1

मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका

एक स्थानीय निवासी ने बताया, “जलपाईगुड़ी जिले के बहुत सारे क्षेत्र, मैनागुड़ी में बहुत तेज तूफान आया। बहुत से मकान ढह गए। अब तक 57 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया जा चुका है। 2 लोगों की मृत्यु हुई है, मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। अभी और भी घायलों को अस्पताल लाया जा रहा है। घायलों में से कुछ लोगों को आगे मेडिकल कॉलेज रेफर किया जा रहा है।”

जलपाईगुड़ी के लिए रवाना ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी स्थिति का जायजा लेने और चक्रवात प्रभावित लोगों से मिलने के लिए आज रात तत्काल जलपाईगुड़ी के लिए रवाना हो रही हैं। इसे देखते हुए, TMC के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी की कल की जलपाईगुड़ी यात्रा रद्द कर दी गई है।

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने जलपाईगुड़ी में तूफान से निपटने के लिए राजभवन में एक आपातकालीन कक्ष स्थापित किया है। राज्यपाल दिल्ली में आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के संपर्क में हैं। उन्होंने एनडीएमए से जलपाईगुड़ी में जनशक्ति और सामग्री के माध्यम से और अधिक सुदृढीकरण भेजने का अनुरोध किया। राज्यपाल केंद्रीय गृह मंत्रालय के भी संपर्क में हैं। वह कल जलपाईगुड़ी में डेरा डालेंगे और ग्राउंड जीरो और पीड़ितों के घरों का दौरा करेंगे।

Other Latest News

Leave a Comment