कथारा क्षेत्र में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

रिपोर्ट : अविनाश कुमार

सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के कथारा क्षेत्र में 78वां स्वतंत्रता दिवस बड़े हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कथारा क्षेत्र के महाप्रबंधक संजय कुमार ने ध्वजारोहण कर उपस्थित कर्मचारियों और स्थानीय जनता को संबोधित किया।

WhatsApp Image 2024 08 15 at 5.42.07 PM

ध्वजारोहण समारोह के पश्चात संजय कुमार ने अपने संबोधन में कहा, “स्वतंत्रता दिवस हमारे देश के बलिदानियों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करने का दिन है। हमें उनके आदर्शों पर चलते हुए अपने कार्य क्षेत्र में निष्ठा और कर्तव्यनिष्ठा के साथ योगदान देना चाहिए। सीसीएल कथारा क्षेत्र निरंतर अपने कार्यों से न केवल कोयला उत्पादन में बल्कि सामाजिक उत्थान में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। आज के दिन हमें अपने राष्ट्र के प्रति समर्पित रहते हुए आगे बढ़ने का संकल्प लेना चाहिए।”

WhatsApp Image 2024 08 15 at 5.42.06 PM

इस अवसर पर सीसीएल द्वारा 170 कर्मचारियों को पदोन्नति आदेश जारी किए गए। इसके अलावा सीएसआर के तहत जरूरतमंद और मेधावी छात्रों को स्कूल बैग वितरित किए गए, जिससे छात्रों में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।

कार्यक्रम की एक अन्य प्रमुख आकर्षण सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं, जिसमें क्षेत्र के सात विभिन्न विद्यालयों के छात्रों ने भाग लिया। छात्रों ने देशभक्ति गीत, नृत्य और नाटकों के माध्यम से देश के प्रति अपनी भावनाओं को व्यक्त किया। उनकी प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम और परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों और विद्यालयों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

WhatsApp Image 2024 08 15 at 5.42.07 PM 1

इस मौके पर कथारा क्षेत्र के सभी विभागाध्यक्ष, कर्मचारी और उनके परिवारजन, स्थानीय गणमान्य व्यक्ति तथा स्कूली छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में महाप्रबंधक संजय कुमार ने सभी उपस्थित लोगों का धन्यवाद किया और स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का सफल संचालन एवं आयोजन क्षेत्रीय अधिकारियों और कर्मचारियों के सहयोग से किया गया।

Other Latest News

Leave a Comment