Raebareli: रायबरेली जिले में यातायात नियमों की खुलेआम अनदेखी का एक मामला सामने आया है। बुधवार, 25 नवंबर 2026 को दोपहर करीब तीन बजे मिल एरिया थाना क्षेत्र के सारस चौराहे पर जायस और अमेठी की ओर जाने वाले सीएनजी ऑटो का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में चार सवारियों की क्षमता वाले सीएनजी ऑटो में आठ से दस यात्रियों को बैठाकर ले जाते हुए देखा जा सकता है। इतना ही नहीं, ऑटो की छत पर भी भारी-भरकम सामान लादकर वाहन को सड़क पर दौड़ाया जा रहा है।
हैरानी की बात यह है कि यात्रियों की संख्या क्षमता से दोगुने से भी अधिक होने के बावजूद ऑटो चालक बेखौफ होकर सड़कों पर फर्राटा भर रहे हैं। ऑटो के भीतर जगह न होने पर यात्रियों को जोखिम भरे तरीके से बैठाया जाता है, वहीं छत पर सामान लादकर वाहन का संतुलन भी प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है। ऐसे में जरा सी चूक या अचानक ब्रेक लगने पर बड़ा हादसा हो सकता है। सवाल यह है कि आखिर चंद रुपयों के किराये के लिए यात्रियों की जिंदगी को इस तरह खतरे में क्यों डाला जा रहा है?
स्थानीय स्तर पर वायरल वीडियो के जरिए यह भी सवाल उठाए जा रहे हैं कि कुछ सीएनजी ऑटो बिना स्पष्ट नंबर प्लेट और वैध परमिट के किस आधार पर सड़कों पर संचालित हो रहे हैं। यदि किसी ऑटो में सफर कर रहे यात्रियों के साथ दुर्घटना हो जाती है तो उनकी सुरक्षा और जिम्मेदारी किसकी होगी? बिना नंबर प्लेट वाले वाहन की पहचान और दुर्घटना के बाद जिम्मेदार चालक तक पहुंचना भी चुनौती बन सकता है।
सबसे बड़ा सवाल सारस चौराहे पर तैनात रहने वाली यातायात पुलिस की निगरानी को लेकर उठ रहा है। चौराहे से प्रतिदिन ऐसे वाहनों का आवागमन होने के बावजूद यदि क्षमता से अधिक सवारियां और छत पर भारी सामान लादकर वाहन गुजर रहे हैं, तो यातायात नियमों का पालन आखिर कौन सुनिश्चित कराएगा?
अब देखना यह है कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर यातायात विभाग और परिवहन विभाग ऐसे ऑटो चालकों के खिलाफ जांच और कार्रवाई करते हैं या फिर यात्रियों की जान जोखिम में डालने वाला यह सिलसिला यूं ही जारी रहेगा। क्या किसी बड़े हादसे के बाद ही जिम्मेदार विभागों की नींद खुलेगी?










