Bokaro Thermal: केन्द्रीय विद्यालय बोकारो थर्मल में गुरुवार को संविधान दिवस उत्साह, गरिमा और देशभक्ति के भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रार्थना सभा में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य डॉ. बी.आर. डे ने दीप प्रज्वलित कर तथा भारतीय संविधान को नमन करते हुए किया।
संविधान पालन की ली शपथ
संविधान दिवस के अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों ने शपथ मुद्रा में भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। इस दौरान सभी ने संविधान में निहित आदर्शों, मूल्यों और सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए उनके पालन की शपथ ली।
संविधान लोकतंत्र की आत्मा: डॉ. बी.आर. डे
अपने संबोधन में प्राचार्य डॉ. बी.आर. डे ने कहा कि प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को संविधान अंगीकृत किए जाने की स्मृति में संविधान दिवस मनाया जाता है। 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था, जबकि 26 जनवरी 1950 को इसे देशभर में लागू किया गया। उन्होंने संविधान निर्माण में डॉ. भीमराव आंबेडकर और संविधान सभा के अन्य सदस्यों के महत्वपूर्ण योगदान को याद किया।
उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान केवल नियमों और कानूनों का संग्रह नहीं है, बल्कि यह देश के लोकतंत्र की आत्मा और नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों का आधार है।
विद्यार्थियों को दिलाया संवैधानिक मूल्यों को अपनाने का संदेश

प्राचार्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि संवैधानिक मूल्यों की वास्तविक शुरुआत हमारे दैनिक व्यवहार और विद्यालय परिसर से होती है। हमें एक-दूसरे की समानता और गरिमा का सम्मान करना चाहिए। मौलिक अधिकारों के साथ अपने मौलिक कर्तव्यों का निर्वहन भी पूरी जिम्मेदारी से करना चाहिए।
उन्होंने अनुशासन बनाए रखने, सार्वजनिक संपत्ति एवं पर्यावरण की रक्षा करने और आपसी मतभेदों को शांतिपूर्ण संवाद के माध्यम से सुलझाने की सीख दी। उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान के आदर्शों को केवल पुस्तकों तक सीमित न रखकर अपने जीवन और व्यवहार में अपनाने का आह्वान किया।
विद्यार्थियों ने भी साझा किए अपने विचार
कार्यक्रम के दौरान आर.के. पाठक सहित विद्यार्थियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने संविधान दिवस के ऐतिहासिक महत्व के साथ-साथ वर्तमान जीवन में संवैधानिक मूल्यों की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।
पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन सुश्री दिव्या सरोज ने किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों और शिक्षकों को संविधान के प्रति सम्मान, लोकतांत्रिक चेतना तथा नागरिक कर्तव्यों के निर्वहन का संदेश दिया गया।










