Raebareli: बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम को लेकर बैठक संपन्न

Raebareli

Raebareli: रायबरेली जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के निर्देशानुसार बाल विवाह मुक्त भारत जागरूकता अभियान के अंतर्गत मुख्य विकास अधिकारी अंजूलता की अध्यक्षता में महात्मा गांधी सभागार में जनपद स्तरीय 100 दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान के संबंध में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिला प्रोबेशन अधिकारी शक्ति त्रिपाठी ने भारत सरकार एवं निदेशक, महिला कल्याण विभाग द्वारा जारी कार्ययोजना के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को उनके दायित्वों से अवगत कराया। साथ ही 27 नवम्बर को अंतर्राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित कर बाल विवाह, अल्पायु विवाह एवं जबरन विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन के लिए लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अभियान के अंतर्गत जनसामान्य को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने, बाल विवाह की रोकथाम के लिए व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने तथा विभिन्न विभागों के समन्वय से जागरूकता गतिविधियां संचालित करने पर जोर दिया गया।

मुख्य विकास अधिकारी अंजूलता ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाल विवाह करना अथवा करवाना संज्ञेय एवं गैर-जमानती अपराध है। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के उद्देश्य से सरकार द्वारा बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम-2006 लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग जारी कार्ययोजना में निर्धारित उत्तरदायित्वों का पूरी सक्रियता एवं गंभीरता के साथ निर्वहन करें तथा अभियान के माध्यम से आमजन को बाल विवाह के दुष्परिणामों एवं इसके कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करें।

मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से अभियान को गंभीरता एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए जनपद को बाल विवाह मुक्त बनाने की दिशा में आवश्यक कार्यवाही करने की अपेक्षा की।

बैठक में एसीएमओ अरुण कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी विनय सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेन्द्र कुमार, सहायक श्रमायुक्त उमेश कुमार, मीना मंच प्रभारी एस०एस० पाण्डेय, एएचटीयू/एसजेपीयू थाना प्रभारी, महिला थाना प्रभारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Other Latest News

Leave a Comment