Raebareli: रायबरेली की छह विधानसभा क्षेत्रों के मतदेय स्थलों की सूची का अंतिम प्रकाशन, अब आमजन कर सकेंगे निरीक्षण

05 नवंबर को जारी हुई अंतिम सूची, तहसील कार्यालयों और जिला निर्वाचन कार्यालय में निःशुल्क उपलब्ध

Raebareli: रायबरेली जनपद में विधानसभा निर्वाचन की तैयारियों को लेकर निर्वाचन विभाग ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जिले के सभी छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदेय स्थलों (पोलिंग बूथों) की सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार यह प्रक्रिया 05 नवंबर 2026 को पूरी की गई। अब मतदाता और आम नागरिक संबंधित कार्यालयों के साथ-साथ जनपद की आधिकारिक वेबसाइट पर भी मतदेय स्थलों की सूची का निःशुल्क निरीक्षण कर सकेंगे।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी अमित कुमार ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ की ओर से जारी निर्देशों एवं निर्धारित गाइडलाइन के अनुपालन में जनपद के सभी छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदेय स्थलों का सम्भाजन लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा-25 के अंतर्गत कराया गया है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार मतदेय स्थलों की सूची तैयार करने और उसके अंतिम प्रकाशन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।

उन्होंने बताया कि जिन विधानसभा क्षेत्रों की मतदेय स्थलों की सूची का अंतिम प्रकाशन किया गया है, उनमें 177-बछरावां (अनुसूचित जाति), 179-हरचन्दपुर, 180-रायबरेली, 181-सलोन (अनुसूचित जाति), 182-सरेनी तथा 183-ऊंचाहार शामिल हैं।

निर्वाचन विभाग के अनुसार अंतिम रूप से प्रकाशित मतदेय स्थलों की सूचियां संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के कार्यालयों यानी तहसील कार्यालयों तथा जिला निर्वाचन कार्यालय, रायबरेली में उपलब्ध करा दी गई हैं। इसके अतिरिक्त जनसामान्य की सुविधा के लिए इन सूचियों को जनपद की आधिकारिक वेबसाइट http://raebareli.nic.in पर भी उपलब्ध कराया गया है।

निर्वाचन विभाग ने व्यवस्था की है कि कोई भी नागरिक बिना किसी शुल्क के इन सूचियों का निरीक्षण कर सकता है। इससे मतदाताओं को अपने विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत निर्धारित मतदेय स्थलों की जानकारी प्राप्त करने में सुविधा होगी। सूची के अंतिम प्रकाशन के साथ ही जिले में मतदेय स्थलों के सम्भाजन की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूरी हो गई है।

Other Latest News

Leave a Comment