रायबरेली: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में ईसीआई नेट (ECINET) के प्रभावी क्रियान्वयन एवं निर्वाचन संबंधी कार्यों को अधिक सुगम, पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जनपद के समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AERO) को ईसीआई नेट के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को ईसीआई नेट के विभिन्न पहलुओं, इसकी कार्यप्रणाली तथा निर्वाचन से संबंधित सूचनाओं एवं कार्यों के डिजिटल प्रबंधन के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही पोर्टल के माध्यम से निर्वाचन संबंधी कार्यों को समयबद्ध, प्रभावी एवं पारदर्शी ढंग से संपादित करने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्वाचन प्रक्रिया को आधुनिक, पारदर्शी एवं तकनीक आधारित बनाने की दिशा में ईसीआई नेट एक महत्वपूर्ण पहल है। सभी संबंधित अधिकारी प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को गंभीरता से आत्मसात करें तथा निर्वाचन संबंधी दायित्वों का निर्वहन करते समय इसका प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करते हुए सभी निर्वाचन संबंधी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, नगर मजिस्ट्रेट राम अवतार, ज्वॉइंट मजिस्ट्रेट आयुष अग्रवाल सहित समस्त संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।










