Bokaro Thermal: नारायणपुर में डीवीसी सीएसआर की ओर से निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित, ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत

ऊपरघाट के ग्रामीणों की बीपी, शुगर, हीमोग्लोबिन और सिकल सेल की हुई जांच, निःशुल्क दवाओं का भी किया गया वितरण

Bokaro Thermal: नावाडीह प्रखंड के ऊपरघाट स्थित नारायणपुर पंचायत में डीवीसी सीएसआर की ओर से सामान्य स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। नारायणपुर शिव मंदिर पंचायत भवन परिसर में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई और निःशुल्क दवाओं का लाभ उठाया। ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को देखते हुए आयोजित इस पहल की स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने सराहना की।

दीप प्रज्वलित कर किया गया शिविर का शुभारंभ

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर डीवीसी सीएसआर की ओर से सभी अतिथियों को शॉल ओढ़ाकर एवं संजीवनी पौधा भेंटकर सम्मानित किया गया। शिविर में पुरुषों और महिलाओं की बीपी, वजन, हीमोग्लोबिन, सिकल सेल तथा ब्लड शुगर की निःशुल्क जांच की गई। जांच के बाद जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

अस्पताल की दूरी के कारण ग्रामीणों को होती है परेशानी : रेखा देवी

नावाडीह प्रखंड प्रमुख रेखा देवी ने कहा कि नारायणपुर पंचायत में आयोजित यह स्वास्थ्य जांच शिविर ग्रामीणों के लिए बेहद लाभकारी है। ऊपरघाट क्षेत्र से अस्पताल काफी दूर है और आवागमन की समुचित सुविधा नहीं होने के कारण बुजुर्गों एवं जरूरतमंद लोगों को इलाज कराने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में गांव में ही स्वास्थ्य जांच और दवा की सुविधा मिलना बड़ी राहत है। उन्होंने कहा कि बीपी और शुगर जैसी बीमारियां आज आम होती जा रही हैं। डीवीसी की यह पहल सराहनीय है।

हर महीने स्वास्थ्य शिविर लगाने की उठी मांग

नारायणपुर की मुखिया जयंती देवी ने डीवीसी सीएसआर के प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रत्येक माह इस तरह के शिविर आयोजित किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि बीमारियां किसी एक दिन नहीं होतीं, बल्कि ग्रामीणों को रोजाना स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। गांवों में जांच की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण कई लोग दवा खाकर बीमारी को दबा लेते हैं, जो बाद में गंभीर रूप ले सकती है।

उन्होंने बताया कि शिविर में आयरन सिरप, सिरदर्द, सर्दी-बुखार सहित अन्य आवश्यक दवाओं का वितरण किया जा रहा है। उन्होंने भविष्य में भी डीवीसी को पंचायत की ओर से हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिया।

स्वास्थ्य शिविर में कई गणमान्य लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम का संचालन देवेन्द्र कुमार ने किया। इस अवसर पर नावाडीह उपप्रमुख हरिलाल महतो, पूर्व मुखिया भेखलाल महतो, शिक्षिका सुभद्रा कुमारी, वार्ड सदस्य चिंता देवी, फूलचंद्र महतो, पंचायत समिति सदस्य कालेश्वर महतो, डॉ. रीतांकर चक्रवर्ती, डॉ. रजनी मोरिन एक्का, प्रियंका कुमारी, दीपक कुमार, डीवीसी सीएसआर के भैरो महतो, जीवाधन महतो, विकास यादव, मेहीलाल मुर्मू, ओमप्रकाश यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

ग्रामीणों ने डीवीसी सीएसआर की इस पहल को उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी नियमित स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करने की अपेक्षा जताई।

Other Latest News

Leave a Comment