Bokaro Thermal: केन्द्रीय विद्यालय बोकारो थर्मल में गुरुवार को केन्द्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस), रांची संभाग की निरीक्षण टीम ने वार्षिक निरीक्षण किया। सहायक आयुक्त श्रीमती सुजाता मिश्र के नेतृत्व में पहुंची टीम ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, शिक्षण पद्धति, विद्यार्थियों की गतिविधियों और आधारभूत सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों की सराहना करते हुए शैक्षणिक गुणवत्ता में और सुधार के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए।
निरीक्षण टीम में केन्द्रीय विद्यालय नंबर-1 बोकारो के प्राचार्य मनोज कुमार, केवी सीसीएल रांची की प्राचार्या मीना तिर्की और केवी गोमो की एचएम श्रीमती वर्मा शामिल थीं। विद्यालय पहुंचने पर प्राचार्य डॉ. बीआर डे ने अतिथियों का पौधे भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों ने विभिन्न सह-शैक्षणिक गतिविधियों का प्रदर्शन किया।

सहायक आयुक्त सुजाता मिश्र ने प्रार्थना सभा की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय में संचालित रचनात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रयासों की प्रशंसा की तथा शैक्षणिक स्तर को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुझाव दिए।
इसके बाद निरीक्षण दल ने विभिन्न कक्षाओं का अवलोकन किया। इस दौरान शिक्षण कार्य की गुणवत्ता, विद्यार्थियों की सहभागिता और शिक्षकों की पढ़ाने की शैली का मूल्यांकन किया गया। पूरे दिन चले निरीक्षण के बाद शिक्षकों के साथ बैठक कर टीम ने अपनी सकारात्मक प्रतिक्रिया और सुधार संबंधी सुझाव साझा किए।
बैठक में प्राचार्य डॉ. बीआर डे ने निरीक्षण दल के प्रति आभार जताते हुए कहा कि टीम की ओर से मिले सभी रचनात्मक सुझावों का गंभीरता से अनुपालन किया जाएगा। अंत में सामूहिक फोटोग्राफी के बाद राष्ट्रगान के साथ वार्षिक निरीक्षण कार्यक्रम का समापन हुआ।










