Raebareli: रायबरेली शहर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत एसजेएस कॉलेज के सामने गुरुवार, 5 नवंबर की रात करीब नौ बजे छात्रों के दो गुटों के बीच जमकर बवाल हुआ। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट के साथ पथराव शुरू हो गया। दबंगई पर उतरे युवकों ने सरेराह जमकर तांडव मचाया, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एसजेएस कॉलेज के सामने काफी देर तक हंगामा और पथराव होता रहा। अचानक हुई इस घटना से राहगीरों और आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। व्यस्त मार्ग पर इस तरह की अराजकता के चलते लोगों को आवागमन में भी परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल शुरू की।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि शहर के भीड़भाड़ वाले इलाके और कॉलेज के सामने आखिरकार युवकों के हौसले इतने बुलंद कैसे हो गए कि वे सरेआम पथराव और हंगामा करने लगे? त्योहारों के मद्देनजर पुलिस की ड्यूटी और सुरक्षा व्यवस्था के दावों के बीच इस तरह की घटना पुलिस की गश्त और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि संवेदनशील और व्यस्त इलाकों में पुलिस की नियमित गश्त बेहद जरूरी है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर समय रहते अंकुश लगाया जा सके। खासतौर पर सुपरमार्केट चौकी क्षेत्र में हुई इस घटना ने चौकी पुलिस की सक्रियता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अब देखना यह होगा कि इस अराजकता में शामिल युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पुलिस क्या कदम उठाती है।










