Bokaro Thermal: डीएवी पब्लिक स्कूल, सीसीएल कथारा में शुक्रवार को एनसीसी आर्मी विंग के कैडेट्स के लिए विशेष सैन्य प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। झारखंड बटालियन-22, हजारीबाग से पहुंचे एनसीसी के पेटी ऑफिसर राजेश कुमार सिंह ने कैडेट्स को सैन्य गतिविधियों, शारीरिक दक्षता और अनुशासन का प्रशिक्षण दिया।
प्रशिक्षण की शुरुआत शारीरिक अभ्यास और ड्रिल से हुई। कैडेट्स को कदमताल, मार्चिंग सहित विभिन्न शारीरिक गतिविधियों का अभ्यास कराया गया। इसके बाद .22 राइफल से संबंधित आवश्यक जानकारी और प्रशिक्षण दिया गया। वहीं, मानचित्र अध्ययन और सैन्य गतिविधियों में उसकी उपयोगिता के बारे में भी विस्तार से बताया गया। विद्यालय के आर्मी विंग के सीटीओ शिवप्रकाश सिंह ने कैडेट्स को प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण देते हुए आपातकालीन परिस्थितियों में फर्स्ट एड के महत्व की जानकारी दी।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य सह झारखंड जोन-आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ. जीएन खान ने कहा कि एनसीसी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है। इससे उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, समयबद्धता और कर्तव्यनिष्ठा जैसे गुण विकसित होते हैं। एनसीसी विद्यार्थियों को चुनौतियों का सामना करने, टीम भावना से कार्य करने और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाने के साथ उनमें राष्ट्रसेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना भी विकसित करते हैं।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम से उन्हें सैन्य गतिविधियों का व्यावहारिक अनुभव मिलने के साथ अनुशासन, समर्पण और नेतृत्व क्षमता के महत्व को समझने का अवसर मिला।










