Raebareli: रामपुर बघेल का पुल आठ-नौ महीने में ही जर्जर हुआ लाखों की लागत से बना महाराजगंज ड्रेन का पुल, डंपरों की गड़गड़ाहट से खुली निर्माण की गुणवत्ता की पोल

ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार और घटिया सामग्री के इस्तेमाल की जताई आशंका, पुल पर हुआ बड़ा गड्ढा बना हादसे का खतरा, जिम्मेदार अधिकारियों से मरम्मत की मांग

Raebareli

Raebareli: रायबरेली जिले में सरकारी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और जिम्मेदार विभागीय अधिकारियों की कार्यशैली पर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं। अमावा विकासखंड के रामपुर बघेल एवं डिघिया गांव के मध्य महाराजगंज ड्रेन पर लाखों रुपये की लागत से निर्मित पुल महज आठ से नौ महीने के भीतर जर्जर और बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। पुल की सड़क पर बड़ा गड्ढा हो जाने से आवागमन करने वाले ग्रामीणों के सामने हादसे का खतरा मंडराने लगा है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के इस्तेमाल और भ्रष्टाचार की आशंका जताते हुए जिला प्रशासन से मामले की जांच कराने तथा पुल की गुणवत्ता के अनुरूप मरम्मत कराए जाने की मांग की है।

गुरुवार, 26 नवंबर 2026 को सुबह करीब नौ बजे स्थानीय ग्रामीण लालता प्रसाद, राम मनोहर, शिवप्रसाद मौर्य सहित अन्य लोगों ने अपनी पीड़ा जाहिर करते हुए बताया कि इस महाराजगंज ड्रेन को पार करने के लिए पहले ग्रामीणों को बांस-बल्लियों और लकड़ी से बने अस्थायी पुल का सहारा लेना पड़ता था। कई वर्षों तक ग्रामीणों ने आवागमन की समस्या को लेकर सैकड़ों प्रार्थना पत्र अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को दिए। काफी लंबे इंतजार और संघर्ष के बाद यहां पक्के पुल का निर्माण कराया गया था। लोगों को उम्मीद थी कि अब आवागमन की समस्या से स्थायी निजात मिलेगी, लेकिन निर्माण के कुछ ही महीनों बाद पुल की हालत ने ग्रामीणों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।

ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग से प्रतिदिन मिट्टी से भरे भारी डंपरों की आवाजाही होती है। डंपरों की गड़गड़ाहट और भारी वाहनों के दबाव के बीच पुल की वास्तविक स्थिति सामने आने लगी। देखते ही देखते पुल के पहुंच मार्ग पर बड़ा गड्ढा हो गया और सड़क की हालत बदतर होती चली गई। ग्रामीणों का कहना है कि जब करोड़ों रुपये खर्च करके बनाए गए पुल की स्थिति इतनी कम अवधि में खराब हो सकती है तो निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

गौरतलब है कि नाबार्ड पोषित आरआईडीएफ-29 योजना के अंतर्गत इस परियोजना का निर्माण कराया गया था। निर्माण कार्य का नाम जनपद रायबरेली के विकासखंड अमावा में रामपुर बघेल एवं दिगिया के मध्य महाराजगंज ड्रेन पर तीन गार्डर, 10.00 मीटर स्पैन के लघु सेतु, पहुंच मार्ग, अतिरिक्त पहुंच मार्ग एवं सुरक्षात्मक कार्य दर्ज है। परियोजना की स्वीकृत लागत 568.02 लाख रुपये यानी करीब 5 करोड़ 68 लाख रुपये बताई गई है। पुल का लोकार्पण सदर विधायक अदिति सिंह द्वारा 13 मार्च 2026 को किया गया था।

लेकिन लोकार्पण के महज आठ से नौ महीने के भीतर ही पुल की बदहाल स्थिति ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस पुल को ग्रामीणों के लिए वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान माना जा रहा था, वही अब दुर्घटना की आशंका का कारण बनता नजर आ रहा है।

ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि आखिर इतनी बड़ी धनराशि खर्च होने के बावजूद पुल और उसके पहुंच मार्ग की हालत इतनी जल्दी कैसे खराब हो गई? क्या निर्माण के दौरान निर्धारित मानकों का पालन किया गया था या फिर जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार की लापरवाही के चलते सरकारी धन का सही उपयोग नहीं हुआ?

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पुल के निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराई जाए, जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित ठेकेदार की जवाबदेही तय की जाए तथा क्षतिग्रस्त हिस्से की तत्काल मानक के अनुरूप मरम्मत कराई जाए, जिससे किसी बड़े हादसे से पहले आवागमन सुरक्षित हो सके। अब देखना यह है कि करोड़ों रुपये की लागत से बने इस पुल की बदहाली पर जिम्मेदार विभाग कब संज्ञान लेता है और ग्रामीणों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा कब तक मिल पाती है।

Other Latest News

Leave a Comment