Raebareli News : रायबरेली के लालगंज कोतवाली क्षेत्र के बेहटा कला गांव में भूमिधरी जमीन पर अवैध निर्माण को लेकर दो पक्षों में विवाद गहराने का मामला सामने आया है। आरोप है कि प्रतिवादी पक्ष जमीन गाटा संख्या 1243, रकबा 1.4100 हेक्टेयर पर जबरन कब्जा कर भवन निर्माण कर रहा था। विरोध करने पर आवेदक पक्ष को गाली-गलौज और मारपीट की धमकियां दी गईं।
पीड़ित सुरेश कुमार त्रिपाठी व देव कुमार त्रिपाठी ने दी गई तहरीर में बताया कि 13 नवम्बर को लगभग 4 बजे वे अपनी भूमि देखने पहुंचे, जहां प्रतिवादी पक्ष जेसीबी व निर्माण सामग्री की मदद से अवैध निर्माण कर रहा था। मना करने पर प्रतिवादी भैरव सिंह ने कथित रूप से बंदूक निकालकर आवेदकों को दौड़ाया, जिसके बाद आवेदक किसी तरह अपनी जान बचाकर भागे।

पीड़ितों का कहना है कि जब उन्होंने भूमि पर अवैध निर्माण रोकने के लिए स्थानीय लेखपाल व हल्का लेखपाल से शिकायत की, तो उसी दिन प्रतिवादी लगातार कब्जा करने की धमकी देते रहे। आवेदक पक्ष ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि प्रतिवादी से उन्हें जानमाल का खतरा है, इसलिए अवैध निर्माण पर तत्काल रोक लगाई जाए और सुरक्षा प्रदान की जाए। पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।










