Raebareli : लालगंज कोतवाली क्षेत्र के बहादुरगंज मजरे यूसुफपुर गांव के दो युवक मोटरसाइकिल से लालगंज बाजार से अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में बड़े नहर के पास तेज रफ्तार लोडर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि दोनों युवक सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के शिकार हुए युवक हैं इरशाद (22 वर्ष) पुत्र नबी मोहम्मद, सलमान (18 वर्ष) पुत्र उस्मान अली दोनों ग्राम यूसुफपुर के निवासी हैं।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत 108 एंबुलेंस से लालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने इरशाद की जांच की और उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे घायल सलमान की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल रायबरेली रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
लालगंज कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि लोडर चालक मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने लोडर को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश की जा रही है। मृतक इरशाद के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि बड़े नहर के पास आए दिन तेज रफ्तार वाहनों की वजह से दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने सड़क पर स्पीड ब्रेकर और पर्याप्त लाइटिंग की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकी जा सकें।










