Raebareli: विधान परिषद निर्वाचन की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा, पोलिंग पार्टियों को दिए आवश्यक निर्देश

23 अक्टूबर को होगा लखनऊ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन का मतदान, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने पर जोर

Raebareli: उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लखनऊ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने गुरुवार को राजकीय इंटर कॉलेज का निरीक्षण कर निर्वाचन संबंधी तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने पोलिंग पार्टियों की रवानगी की प्रक्रिया का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को मतदान कार्य पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता और समयबद्धता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए।

जनपद में लखनऊ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 23 अक्टूबर 2026 को मतदान कराया जाएगा। मतदान को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए गुरुवार को राजकीय इंटर कॉलेज से निर्धारित पोलिंग पार्टियों को रवाना करने की व्यवस्था की गई। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देशित किया कि पोलिंग पार्टियों की रवानगी से लेकर मतदान संबंधी सभी आवश्यक कार्य निर्धारित समय और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरे किए जाएं।

जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी और मतदान कार्मिक अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें। मतदान से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी रखी जाएं, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा या अव्यवस्था उत्पन्न न हो।

उन्होंने निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता बरतने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्वाचन आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया, जिससे मतदान प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, अपर पुलिस अधीक्षक पवन गौतम, क्षेत्राधिकारी नगर आशीष निगम, जिला विकास अधिकारी वर्षा सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Other Latest News

Leave a Comment