Raebareli : जिले के एरिया थाना क्षेत्र में एक बार फिर तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहन ने एक व्यक्ति की जान ले ली। छेदी का पुरवा गांव के पास कच्ची सड़क पर ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरा। ट्रैक्टर के नीचे दबने से चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक की पहचान हेमराज (उम्र लगभग 45 वर्ष), पुत्र अज्ञात, निवासी भैरवा, जिला भरतपुर, राजस्थान के रूप में हुई है। हेमराज रायबरेली में अस्थायी रूप से मलेरिया थाना क्षेत्र के डिघिया गांव में रहता था और ग्रामीणों के खेतों से निकलने वाले पुवाल (पराली) का भूसा बनाने का काम करता था।

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे हेमराज रोज की तरह अपने ट्रैक्टर से काम पर जा रहा था। छेदी का पुरवा के पास कच्ची सड़क पर अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में पलट गया। ट्रैक्टर का भारी भरकम वजन सीधे चालक पर आ गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही एरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को ट्रैक्टर के नीचे से निकलवाया और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पलटे हुए ट्रैक्टर को जेसीबी और क्रेन की मदद से गड्ढे से बाहर निकाला गया।
पुलिस ने बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। परिजनों के आने के बाद शव सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है तथा यह भी पता लगाया जा रहा है कि हादसा किस कारण हुआ। प्रथम दृष्टया तेज रफ्तार और कच्ची सड़क पर गड्ढे को मुख्य कारण माना जा रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में कच्ची सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे होने से आए दिन छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं। उन्होंने प्रशासन से सड़क सुधार और गड्ढों को भरवाने की मांग की है।
इस हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। हेमराज के साथ काम करने वाले अन्य मजदूर भी गहरे सदमे में हैं।










