Agra Accident : आगरा-जयपुर नेशनल हाईवे पर शनिवार सुबह उस समय बड़ा हादसा हो गया जब सर्विसिंग के बाद ट्रायल पर निकली एक लग्जरी स्लीपर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि आधा दर्जन से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा थाना किरावली क्षेत्र के भरंगरपुर गांव के पास सुबह करीब 8 बजे हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस आगरा डिपो से सर्विसिंग कराकर ट्रायल पर जयपुर की ओर जा रही थी। ड्राइवर ने बताया कि अचानक बस का बैलेंस बिगड़ा और वह सड़क किनारे पलट गई। बस के नीचे दबने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है, यह स्पष्ट नहीं है कि वह बस में सवार यात्री था या राहगीर।

सूचना मिलते ही थाना किरावली पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को साइड किया और घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तुरंत एम्बुलेंस से एसएन मेडिकल कॉलेज और निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने बस को हटवाकर करीब डेढ़ घंटे बाद यातायात को पूरी तरह सुचारु करा दिया। मौके पर भारी जाम लग गया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि हादसा तकनीकी खराबी की वजह से हुआ या ड्राइवर की लापरवाही से। बस चालक और खलासी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल मृतक की शिनाख्त और हादसे के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है। हाईवे पर तेज रफ्तार और सर्विसिंग के बाद ट्रायल के दौरान लापरवाही के मामले एक बार फिर सुर्खियों में हैं।










