Raebareli : थाना क्षेत्र के कस्बा अंतर्गत संजय नगर कॉलोनी के पीछे रेलवे ट्रैक पार कर रही एक अज्ञात बुजुर्ग महिला की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस के द्वारा आगे की विधिक कार्यवाही की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अंदेशा यह लगाया जा रहा है, कि उक्त मृतका बुजुर्ग अज्ञात महिला घटना के समय रेलवे ट्रैक पार कर रही थी। तभी लखनऊ से बनारस जा रही लखनऊ बनारस इंटरसिटी एक्सप्रेस गाड़ी संख्या 15108 की चपेट में आने से उसके चीथड़े उड़ गए और उसका शव क्षत विक्षत अवस्था रेलवे ट्रैक पर पड़ा हुआ था। आसपास मौजूद लोगों की सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस के द्वारा उक्त अज्ञात महिला जिसकी उम्र लगभग 60 से 65 वर्ष के बीच बताई जा रही है। उसके शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

वहीं स्थानीय पुलिस के द्वारा उक्त अज्ञात महिला की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। अज्ञात मृतका महिला अपने शरीर पर हरे रंग की साड़ी पहने हुए हैं। परंतु खबर लिखे जाने तक उक्त अज्ञात वृद्ध मृतका महिला की पहचान तो नहीं हो पाई थी।
इस बाबत थाना प्रभारी श्याम कुमार पाल ने बताया कि घटना की सूचना प्राप्त हुई है, मृतका वृद्ध महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आगे की विधिक कार्यवाही प्रचलित है और मृतका महिला की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।










