Unnao : उन्नाव से खबर है, यहां गंगाघाट नगर पालिका परिषद क्षेत्र के सप्रू स्टेडियम में क्रिकेट मैच में ड्रिंक ब्रेक के दौरान बड़ी घटना सामने आई है । बताया जा रहा है की सप्रू स्टेडियम में लगे ड्रिंक ब्रेक के दौरान अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने मैदान पर हमला कर दिया । मधुमक्खियों के झुंड के हमले से हड़कंप मच गया । मधुमक्खियों से बचने के लिए खिलाड़ी अंपायर जमीन पर लेट गए । मधुमक्खियों के हमले में अंपायरिंग कर रहे कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के अंपायर माणिक गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए । मधुमक्खियों के हमले के बाद जब कुछ देर बाद मौके पर मौजूद लोगों ने अंपायर मानिक गुप्ता को गंभीर हालत में पहले शुक्लागंज के हॉस्पिटल ले गए, जहां से उन्हें कानपुर रेफर कर दिया गया । जिसके बाद कानपुर के एक निजी हॉस्पिटल ले जाया गया । जहां से डॉक्टरों ने कानपुर के हैलट रेफर कर दिया । जहां अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने रास्ते में दम तोड़ दिया । वहीं घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है । आपको बता दें की मानिक गुप्ता कानपुर के फीलखाना क्षेत्र के रहने वाले थे ।
आपको बता दें की उन्नाव के गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र स्थित सप्रू क्रिकेट स्टेडियम में YMCC और पैरामाउंट टीमों के बीच क्रिकेट मुकाबला चल रहा था । मैच में अंपायरिंग के लिए कानपुर के फीलखाना के रहने वाले और कानपुर क्रिकेट एसोशिएशन से जुड़े वरिष्ठ अंपायर मानिक गुप्ता और शुक्लागंज के रहने वाले अंपायर सुनील कुमार निषाद अंपायरिंग कर रहे थे, मैच की पहली इनिंग खत्म होने के बाद दूसरा पारी की बैटिंग शुरू हो चुकी थी ।

वहीं कुछ ओवर के बाद ड्रिंक ब्रेक लिया गया था, उसी दौरान अचानक मधुमक्खियों का झुंड मैदान में आ गया और खिलाड़ियों व अंपायर पर हमला कर दिया। मधुमक्खियों के हमले से मैदान में हड़कंप मच गया । खिलाड़ी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। कई खिलाड़ियों और अंपायर को मधुमक्खियों ने डंक मार दिए, जिससे वे घायल हो गए । वहीं मधुमक्खियों के हमले में कानपुर निवासी अंपायर मानिक गुप्ता का कानपुर के एक हॉस्पिटल ले जाते समय मृत्यु हो गई ।
वहीं घटना के प्रत्यक्षदर्शी व अंपायर सुनील कुमार निषाद ने बताया की ड्रिंक ब्रेक के दौरान मधुमक्खियों ने अचानक हमला बोल दिया, सब लोग जमीन पर लेट गए लेकिन मधुमक्खियों ने हमला जारी रखा । सुनील के मुताबिक हमले में लगभग सभी खिलाड़ी और अंपायर मधुमक्खियों का शिकार हुए हैं। वहीं सुनील ने मृतक अंपायर मानिक गुप्ता की मृत्यु पर शोक जताया है ।










