रायबरेली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सरकारी खर्चों में कटौती, सादगी और संसाधनों के संरक्षण को लेकर दिए जा रहे संदेश का असर अब प्रदेश सरकार के मंत्रियों में भी दिखाई देने लगा है। उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार तथा कृषि निर्यात विभाग दिनेश प्रताप सिंह ने रायबरेली की जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर अपने दौरे के दौरान अनावश्यक सुरक्षा और सरकारी व्यवस्थाओं को सीमित रखने के निर्देश दिए हैं।
आपको बता दें आज दिनाँक 14 मई 2026 दिन गुरुवार को जारी पत्र में मंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा है कि रायबरेली प्रवास के दौरान थाने-थाने से लगने वाली सुरक्षा की गाड़ियां उनके साथ न भेजी जाएं। उन्होंने कहा कि पार्टी अथवा सरकारी कार्यक्रमों में विभागीय अधिकारी अपने-अपने विभागीय वाहन लेकर उनके साथ न चलें। जिस विभाग का कार्यक्रम होगा, केवल उसी विभाग के अधिकारी आवश्यकता अनुसार वाहन का प्रयोग करें।

मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने पत्र में यह भी लिखा है कि कार्यक्रमों का आयोजन यथासंभव कम किया जाए और यदि जनहित अथवा शासकीय हित में कार्यक्रम आयोजित करना आवश्यक हो, तो सार्वजनिक परिवहन और सीमित संसाधनों का अधिक उपयोग किया जाए।
उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि उनके लिए किसी भी प्रकार के “उत्सवधर्मी कार्यक्रमों” का आयोजन न किया जाए, क्योंकि ऐसे आयोजनों में अनावश्यक ईंधन और ऊर्जा की खपत होती है।
पत्र में उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी प्रकार की सुरक्षा या अन्य आकलन के आधार पर आवश्यक समझा जाए, तो संबंधित संस्थाएं अपने स्तर पर निर्णय लेने के लिए स्वतंत्र होंगी।
मंत्री के इस पत्र को प्रशासनिक सादगी, सरकारी खर्चों में कटौती और संसाधनों के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में इस कदम की चर्चा तेज हो गई है।










