Raebareli: करीब पांच वर्षों तक राही ब्लॉक में खंड शिक्षा अधिकारी के रूप में सेवाएं देने वाले बृजलाल वर्मा के गैरजनपद स्थानांतरण पर शुक्रवार को बीआरसी राही परिसर में विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। अपने अधिकारी को विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षिकाएं और शिक्षा विभाग से जुड़े कर्मचारी पहुंचे। माहौल भावुक रहा और कई शिक्षक नम आंखों से उन्हें विदाई देते नजर आए। शिक्षकों ने कहा कि बृजलाल वर्मा जैसे अधिकारी का साथ मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. सत्य प्रकाश यादव, बीईओ मुख्यालय रहे। शिक्षकों ने कहा कि बृजलाल वर्मा का कार्यकाल अपने सहज व्यवहार, सहयोग की भावना और शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए याद किया जाएगा। उनका कहना था कि बीईओ ने सभी शिक्षकों को एक परिवार की तरह जोड़े रखा। किसी शिक्षक को विभागीय अथवा व्यक्तिगत स्तर पर कोई समस्या होती थी तो वह सीधे उनसे अपनी बात रख सकता था। समस्या के समाधान के लिए वह अपने स्तर से पूरा प्रयास करते थे।

शिक्षकों ने कहा कि करीब पांच वर्ष के कार्यकाल में उनके साथ किसी तरह का टकराव सामने नहीं आया। यही वजह रही कि स्थानांतरण के बाद आयोजित विदाई समारोह में शिक्षकों की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही। शिक्षकों ने भावुक होकर कहा कि यदि कुछ दिन और बृजलाल वर्मा राही में रुक जाते तो खुशी और बढ़ जाती। शिक्षकों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि पदोन्नति के बाद भी उन्हें रायबरेली जरूर आना चाहिए।
मुख्य अतिथि डॉ. सत्य प्रकाश यादव ने कहा कि बृजलाल वर्मा ने निरीक्षक संवर्ग में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि विभाग में यह भरोसा रहता था कि “बृजलाल सर हैं तो काम हो जाएगा।” उनके कार्यकाल में शिक्षकों के बीच बेहतर समन्वय और विभागीय व्यवस्था को व्यवस्थित रखने का प्रयास दिखाई दिया।
विकास कार्यों को भी दी प्राथमिकता

विदाई समारोह में बृजलाल वर्मा ने राही ब्लॉक में बिताए अपने कार्यकाल को याद किया। उन्होंने बताया कि अगस्त 2021 में उनकी तैनाती राही ब्लॉक में हुई थी। उन्होंने कहा कि शुरुआत से ही उनका प्रयास रहा कि किसी शिक्षक को अनावश्यक परेशानी न हो और विभागीय कार्य सुचारु रूप से संचालित हों। यदि किसी शिक्षक को किसी प्रकार की समस्या हुई तो उसे अपने स्तर से दूर करने का प्रयास किया गया।
उन्होंने जिला प्रशासन और विभागीय अधिकारियों से मिले सहयोग के लिए भी आभार जताया। उनके अनुसार प्राथमिक विद्यालय जमुनिहा, लोधवारी, सनही, बेलाभेला समेत अन्य विद्यालयों में विकास कार्य कराए गए। इसके साथ ही राही ब्लॉक में मुख्यमंत्री मॉडल विद्यालय दिलाने के लिए भी प्रयास किया गया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. अभिषेक द्विवेदी ने किया। उच्च प्राथमिक विद्यालय सराय मुगला के बच्चों ने बैंड के साथ अतिथियों और बीईओ का स्वागत किया। महामंत्री दिलीप गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि ब्लॉक अध्यक्ष गजेंद्र सिंह ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, ब्लॉक अध्यक्ष गजेंद्र सिंह, महामंत्री दिलीप गुप्ता, जूनियर शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष रमेश सोनकर, महामंत्री अवधेश यादव, महिला शिक्षक संघ की जिलाध्यक्ष सरिता नागेंद्र, ब्लॉक अध्यक्ष मालती मौर्य, अनुदेशक संघ के जिलाध्यक्ष नवीन वर्मा, शिक्षामित्र एसोसिएशन के जिला महामंत्री पवन पाठक समेत बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।










